UPPSC Paper Leak : आरओ-एआरओ पेपर लीक मामला, डॉक्टर व दिल्ली पुलिस के सिपाही पर भी चार्जशीट
दोनों फिलहाल मेरठ जेल में बंद हैं। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई कि आठ फरवरी को भोपाल के होटल कोमल में आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा का पेपर सॉल्व कराने के अगले ही दिन यानी नौ फरवरी को सुभाष प्रकाश ने इसे व्हाट्सएप से राजीव नयन मिश्रा को भेज दिया था।
विस्तार
आरओ-एआरओ पेपर लीक प्रकरण की जांच में जुटी एसटीएफ ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। 16 आरोपियों के खिलाफ पूर्व में चार्जशीट दाखिल करने के बाद अब इस मामले में एक डॉक्टर व दिल्ली पुलिस के सिपाही के खिलाफ भी चार्जशीट लगा दी गई है। इनके नाम रवि अत्री और विक्रम पहल हैं जो यूपी सिपाही भर्ती पेपर लीक के भी प्रमुख आरोपियों में शामिल हैं।
दोनों फिलहाल मेरठ जेल में बंद हैं। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई कि आठ फरवरी को भोपाल के होटल कोमल में आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा का पेपर सॉल्व कराने के अगले ही दिन यानी नौ फरवरी को सुभाष प्रकाश ने इसे व्हाट्सएप से राजीव नयन मिश्रा को भेज दिया था।
तब राजीव नयन अहमदाबाद में था और उसके साथ वहां रवि अत्री भी मौजूद था। दरअसल, दोनों पांच व सात फरवरी को सिपाही भर्ती परीक्षा के तीन कोड वाले पेपर लीक करा चुके थे और नौ फरवरी को चौथे कोड का पेपर भी लीक कराने की फिराक में थे, जिसमें वह कामयाब नहीं हो पाए।
इसी दौरान राजीव नयन को आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा का पेपर मिला और फिर उसने इसे अपने साथ मौजूद रवि अत्री को भेज दिया। साथ ही कहा कि वह जल्द से जल्द कैंडिडेट ढूंढ़े। इसके बाद रवि अत्री ने ही अपने करीबी विक्रम पहल को पेपर भेजा जिसने कई अभ्यर्थियों से डील की और उनसे लाखों रुपये वसूलकर पेपर भेजे। विवेचना के दौरान एसटीएफ ने मेरठ जेल में जाकर पूछताछ की तो दोनों ने आरओ-एआरओ पेपर लीक प्रकरण में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई।
विक्रम ने ही 20 लाख देकर बुक कराया था रिसॉर्ट
रवि अत्री पुत्र गोरख सिंह निवासी नीमका जेवर जनपद गौतमबुद्धनगर का रहने वाला है और उसने 2012 में एचपीएमटी की परीक्षा पास कर पीजीआईएमएस रोहतक हरियाणा में दाखिला भी लिया। इसी दौरान वह सिपाही विक्रम पहल के संपर्क में आया। उधर विक्रम पहल पुत्र कंवर सिंह निवासी बराह खुर्द थाना कोतवाली जींद जनपद जींद, हरियाणा का रहने वाला है।
वह 2010 में दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ। रवि अत्री के कहने पर ही उसने सिपाही भर्ती का पेपर रटवाने के लिए गुरुग्राम के मानेसर में 20 लाख रुपये देकर नेचर वैली रिसॉर्ट बुक कराया था। गौरतलब है कि रवि 10 अप्रैल और विक्रम 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। बाद में आरओ-एआरओ पेपर लीक प्रकरण में भी इनका नाम विवेचना में प्रकाश में लाया गया।
अब 18 पर चार्जशीट, तीन के संबंध में विवेचना जारी
आरओ-एआरओ पेपर लीक प्रकरण में दो अन्य आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब कुल 18 पर चार्जशीट हो गई है।
तीन अन्य संजय सिंह, कामेश्वर नाथ मौर्य व तीन दिन पहले गिरफ्तार पारुल सोलोमन के संबंध में विवेचना जारी है।
इन तीनों का बयान दर्ज करने के बाद एसटीएफ आगे की कार्रवाई करेगी।