UPESSC : आयोग एक सप्ताह में घोषित करेगा टीजीटी परीक्षा की तारीख, अधियाचन का प्रारूप तैयार
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीपीएससी) एक सप्ताह के भीतर प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा की तारीख घोषित कर देगा। नई भर्ती के लिए अधियाचन का प्रारूप भी तैयार कर लिया गया है, जिस पर शुक्रवार को अंतिम मुहर लगा दी जाएगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीपीएससी) एक सप्ताह के भीतर प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा की तारीख घोषित कर देगा। नई भर्ती के लिए अधियाचन का प्रारूप भी तैयार कर लिया गया है, जिस पर शुक्रवार को अंतिम मुहर लगा दी जाएगी। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन भी 28 जुलाई से शुरू कर दिया जाएगा।
अमर उजाला के 24 जुलाई के अंक में ‘आयोग परीक्षा की तारीख तक घोषित नहीं कर सका’ शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद बृहस्पतिवार को बैठक में आयोग ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिए। आयोग के उपसचिव शिवजी मालवीय के अनुसार बैठक में तय हुआ कि टीजीटी भर्ती परीक्षा की नई तारीख एक सप्ताह के भीतर घोषित कर दी जाएगी।
आयोग यह परीक्षा तीन बार स्थगित कर चुका है। टीजीटी के 3539 पदों पर भर्ती के लिए 8.69 लाख अभ्यर्थी तीन साल से परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, 16 व 17 अप्रैल को असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का परिणाम भी आयोग ने अब तक जारी नहीं किया है। अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 910 पदों पर भर्ती के लिए तकरीबन एक लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे।
आयोग के उप सचिव के शिवजी मालवीय के अनुसार 28 जुलाई से कॉपियों के मूल्यांकन से संबंधित कार्य शुरू कर दिया जाएगा। खास यह कि उच्च शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षक निदेशक ने नई भर्ती के लिए अधियाचन के प्रारूपों को अनुमोदित करते हुए आयोग को उपलब्ध करा दिया है। अधियाचन पर अंतिम मुहर लगाने के लिए शुक्रवार सुबह 11:30 बजे संबंधित विभागों और एनआईसी के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई है। प्रारूप पर मुहर लगते ही नई भर्ती का रास्ता साफ हो जाएगा।
तीन साल बाद यूपीटीईटी कराने की तैयारी भी शुरू
आयोग की बैठक में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने पर भी निर्णय लिया गया। इससे पहले 2021 की यूपीटीईटी का आयोजन 23 जनवरी 2022 को किया गया था। अब चार साल बाद परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। पहले इसके आयोजन की जिम्मेदारी परीक्षा नियामक प्राधिकारी के पास थी। अब यह परीक्षा शिक्षा सेवा चयन आयोग कराएगा। परीक्षा के आयोजन पर निर्णय से यह भी स्पष्ट हो गया है कि जल्द परिषदीय विद्यालयों में भी सहायक अध्यापक भर्ती शुरू करने की तैयारी है क्योंकि, सहायक अध्यापक भर्ती में शामिल होने के लिए यूपीटीईटी को क्वालिफाई करना अनिवार्य है।
आयोग की चुप्पी टूटने से अभ्यर्थियों को राहत
टीजीटी परीक्षा के आयोजन पर आयोग की चुप्पी टूटने से लाखों अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है। 21 व 22 जनवरी 2025 को प्रस्तावित परीक्षा बिना किसी नोटिस के स्थगित कर दी गई थी। आयोग नई परीक्षा तिथि को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहा था, जिससे अभ्यर्थी काफी परेशान थे। आयोग अब एक सप्ताह में परीक्षा की नई तारीख घोषित कर देगा।