निकाय चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को प्रयागराज नगर निगम के महापौर के अलावा आठ नगर पंचायतों के अध्यक्षों व पार्षद समेत कुल 1541 पदों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आरंभ हुआ। शाम के पांच बजे तक नगर निगम में 28.59 प्रतिशत वोट पड़े थे। नगर पंचायतों में 49.59 फीसदी वोट पड़ चुके हैं। बूथों पर कई जगह भीड़ लगी रही, तो कुछ स्थानों पर सन्नाटा भी छाया रहा। कहीं ईवीएम की खराबी तो कहीं वोटरलिस्ट में नाम न होने की शिकायतें की जाती रहीं। उधर, माफिया अतीक के गढ़ में कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
UP Nikay Chunav 2023 : प्रयागराज नगर निगम में पांच बजे तक 28.59, नगर पंचायतों में 49 फीसदी मतदान
निकाय चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को प्रयागराज नगर निगम के महापौर के अलावा आठ नगर पंचायतों के अध्यक्षों व पार्षद समेत कुल 1541 पदों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आरंभ हुआ। शाम के पांच बजे तक नगर निगम में 28.59 प्रतिशत वोट पड़े थे। नगर पंचायतों में 49.59 फीसदी वोट पड़ चुके हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज के अलावा नवीन महिला सेवा सदन इंटर कॉलेज के बूथ पर मतदान कुछ देर प्रभावित रहा। वार्ड-13 जयंतीपुर के बूथ पर अजय कुमार का नाम मतदाता सूची से गायब रहा, जबकि2018 में दिवंगत हुए उनके पिता चंद्रशेखर गौड़ का नाम मतदाता सूची में होने को लेकर लोगों में आक्रोश था। इसी तरह कई बूथों पर वोटरलिस्ट से नाम गायब होने पर मतदाता परेशान होकर इधर-उधर भटकते नजर आए।
इसी तरह अतीक अहमद के गढ़ चकिया के अल हमरा गर्ल्स इंटर कॉलेज के बूथ पर उत्साह फीका रहा। यहां न पहले की तरह कतारें लगीं ना ही मतदान केंद्र के बाहर ही लोग जमा नजर आए। इसी तरह कसारी-मसारी के श्यामलाल इंटर कॉलेज के बूथ पर सन्नाटा पसरा रहा। बुर्के में मतदान के लिए पहुंचने वाली महिलाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। करेली में लेखपाल प्रशिक्षण संस्थान मतदान केंद्र में तीन नकाबपोश महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
आरोप है कि वह बिना किसी आईडी के ही मतदान की कोशिश कर रही थीं। सुबह नौ बजे तक शहर के बूथों पर 5.30 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया। पुराने शहर के यादगारे हुसैनी इंटर कॉलेज और दौलत हुसैन मुस्लिम इंडियन इंटर कॉलेज के बूथों पर भी मतदान की रफ्तार धीमी रही। दिन के 11 बजे तक 8.82 प्रतिशत वोट पड़े थे।
दिन के 11 बजे तक प्रयागराज में मतदान की स्थिति:
नगर निगम - 8.82 प्रतिशत
नगर पंचायत सिरसा - 19.28 प्रतिशत
नगर पंचायत हंडिया - 17.22 प्रतिशत
नगर पंचायत भारतगंज - 16.18 प्रतिशत
नगर पंचायत कोरांव - 14.57 प्रतिशत
नगर पंचायत शकरगढ़ - 17.63 प्रतिशत
नगर पंचायत लालगोपालगंज - 20.55 प्रतिशत
नगर पंचायत मऊआइमा - 17.84 प्रतिशत
नगर पंचायत फूलपुर - 17.86 प्रतिशत