Prayagraj : 3.40 लाख के नकली नोटों संग दो तस्कर गिरफ्तार, एसटीएफ ने नैनी में पकड़ा
गिरफ्तार तस्करों में मदन लाल निवासी महेशपुर थाना लालगंज, प्रतापगढ़ व बबलू चौरसिया निवासी थम्मन का पुरवा, कल्यानपुर थाना मऊआइमा शामिल हैं। इनके कब्जे से दो हजार के 170 नकली नोट बरामद किए गए हैं।
विस्तार
एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल से नकली नोटों की तस्करी के खेल का भंडाफोड़ किया है। 3.40 लाख के नकली नोट बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। नैनी में पकड़े गए तस्करों ने बताया कि नकली नोटों की खेप की सप्लाई प्रतापगढ़ में होनी थी।
गिरफ्तार तस्करों में मदन लाल निवासी महेशपुर थाना लालगंज, प्रतापगढ़ व बबलू चौरसिया निवासी थम्मन का पुरवा, कल्यानपुर थाना मऊआइमा शामिल हैं। इनके कब्जे से दो हजार के 170 नकली नोट बरामद किए गए हैं। एसटीएफ के मुताबिक, यह ट्रेन से छिवकी स्टेशन पर उतरे थे, तभी इन्हें पकड़ लिया गया।
अफसरों के मुताबिक, पूछताछ में मदनलाल ने बताया कि उसके गांव का ही अच्छे लाल चौरसिया नकली नोट की तस्करी का काम करता है। वह नकली नोट मालदा के तस्कर गिरोह के सरगना दीपक मंडल, उसके रिश्तेदार सुभाष मंडल व बहनोई विश्वजीत सरकार से लाता है। रुपयों के लालच में वह भी अच्छेलाल संग मिलकर तस्करी करने लगा।
1.36 लाख में मिले थे नकली नोट
पूछताछ में मदनलाल ने बताया कि वह अच्छेलाल के कहने पर आठ अगस्त को उसके साढू के बेटे बबलू चौरसिया के साथ मालदा गया। वहां 1.36 लाख रुपयों के बदले में सुभाष मंडल ने उन्हें दो हजार के 170 नकली नोट दिए। इनमें से 100 नोट उसने जबकि 70 नोट बबलू ने अपने पास रखे थे।
मुख्य तस्कर का कर रहे थे इंतजार
अभियुक्तों ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए रास्ता बदल-बदलकर बस व ट्रेन से छिवकी स्टेशन पहुंचे और अच्छेलाल व उसके साथी विशाल उर्फ आकाश का इंतजार करने लगे। नकली नोटों की तस्करी में उन्हें हर बार अच्छेलाल मोटी रकम देता था।
2015 में अच्छेलाल 7.5 लाख व 2019 में 2.5 लाख के नकली नोट के साथ पकड़ा जा चुका है। उसकी तलाश की जा रही है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें नैनी पुलिस को सौंप दिया गया है। - नवेंदु सिंह, डिप्टी एसपी एसटीएफ