Prayagraj : महाकुंभ में आए असम और छत्तीसगढ़ के दो श्रद्धालुओं की सर्दी से मौत, मरीजों की संख्या बढ़ी
प्रथम स्नान पर्व पर अचानक मौसम में बदलाव ने मुसीबत खड़ी करनी शुरू कर दी है। रविवार को महाकुंभ में असम और छत्तीसगढ़ से आए दो श्रद्धालुओं की सर्दी से मौत हो गई। वहीं, मेला क्षेत्र के अस्पतालों में पूरा दिन मरीजों को तांता लगा रहा।
विस्तार

असम के कार्बी आंगलोंग निवासी तपन मजूमदार (54) तीन अन्य लोगों संग महाकुंभ में आए थे। रविवार सुबह वह संगम में स्नान के बाद मेले में बने रेलवे कार्यालय में टिकट की जानकारी ली। वह 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा पर्व पर स्नान करना चाहते थे। लेकिन, शाम चार बजे मेला क्षेत्र में त्रिवेणी मार्ग पर टहलते वक्त अचानक गिरकर अचेत हो गए। इसके बाद उन्हें आननफानन परेड मैदान स्थित केंद्रीय अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके साथ आए करुणाकांत शर्मा ने बताया कि तपन को कहीं दर्द नहीं हुआ था। अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने आईसीयू में परीक्षण किया तो पता चला कि उनकी सांसें थम चुकी थीं। वहीं, केंद्रीय अस्पताल में रविवार सुबह छत्तीसगढ़ के रायपुर के नागदा भरतपुर निवासी शांति बाई (52) को लाया गया। इस दौरान उनका बेटा अजय पटेल साथ में था। अस्पताल के आईसीयू में शांति बाई को मृत घोषित कर दिया गया। मुुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. मनोज कुमार कौशिक ने बताया कि इन दोनों की मौत संभवत: सर्दी लगने की वजह से हुई है।