Prayagraj : आवासीय छात्रावास में प्रवेश के लिए कल से शुरू होंगे ट्रायल, मेरिट के आधार पर मिलेगा दाखिला
केंद्रीय शिविर में शामिल होने के लिए जिम्नास्टिक व तैराकी के खिलाड़ियों की उम्र अधिकतम 12 वर्ष और अन्य खेलों की उम्र 15 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रयागराज में मंगलवार को बालक वर्ग का जिम्नास्टिक, तैराकी, कुश्ती, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस का जिला स्तरीय ट्रायल होगा जबकि, मंडल स्तरीय ट्रायल आठ मार्च को होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के अधीन विभिन्न जनपदों में स्थापित विभिन्न खेलों के आवासीय छात्रावासों में सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए दो से 16 अप्रैल तक लगने वाले 15 दिवसीय केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए मंगलवार से ट्रायल शुरू होंगे। खिलाड़ियों को जिला, मंडल और राज्य स्तर के ट्रायल में प्रतिभाग करना होगा। राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ी 15 दिवसीय केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इस शिविर से ही खिलाड़ियों का चयन आवासीय छात्रावास के लिए किया जाएगा। निदेशालय की ओर से 16 खेलों में 705 खिलाड़ियों को शिविर के लिए चुना जाएगा।
केंद्रीय शिविर में शामिल होने के लिए जिम्नास्टिक व तैराकी के खिलाड़ियों की उम्र अधिकतम 12 वर्ष और अन्य खेलों की उम्र 15 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रयागराज में मंगलवार को बालक वर्ग का जिम्नास्टिक, तैराकी, कुश्ती, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस का जिला स्तरीय ट्रायल होगा जबकि, मंडल स्तरीय ट्रायल आठ मार्च को होगा।
क्रिकेट, कबड्डी, बॉस्केटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स और बॉक्सिंग का जिला स्तर का ट्रायल छह मार्च को एवं मंडल स्तर का ट्रायल नौ मार्च को होगा। बालिका वर्ग के सभी खेलों का जिला स्तरीय ट्रायल सात मार्च व मंडल स्तरीय ट्रायल दस मार्च को होगा। यह ट्रायल मदन मोहन मालवीय स्टेडियम व अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित होंगे।
मंडल स्तर पर चयनित होने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता (ट्रायल) में प्रतिभाग करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 13 से लेकर 16 मार्च तक विभिन्न जनपदों में होगी। प्रतियोगिता में सफल होने वाले का चयन केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर में होगा, जोकि दो से 16 अप्रैल तक संचालित होगा।
इसमें जिम्नास्टिक, कबड्डी व एथलेटिक्स का शिविर आगरा में, तैराकी का मेरठ में, कुश्ती का गोरखपुर, हॉकी व बॉक्सिंग का झांसी, वॉलीबॉल का लखनऊ, फुटबॉल का बरेली, बैडमिंटन का प्रयागराज, टेबल टेनिस व हैंडबॉल का अयोध्या, क्रिकेट का कानपुर, बॉस्केटबॉल का आजमगढ़, तीरंदाजी का सोनभ्रद और जूडो का सहारनपुर में शिविर लगाया जाएगा। शिविर के दौरान ही 12 व 13 अप्रैल को बालक वर्ग और 14 व 15 अप्रैल को बालिका वर्ग का अंतिम ट्रायल होगा। इसमें सफल होने वाले खिलाड़ियों को आवासीय छात्रावास में प्रवेश मिलेगा।
आवासीय छात्रावासों में प्रवेश पाने के लिए बच्चे विभाग के साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करके ट्रायल में शामिल हो सकते हैं। शिविर में मेरिट के आधार पर छात्रावास में प्रवेश मिलेगा। - विमला सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी