अस्तित्व में आई जिले की नई पंचायत, डॉ. वीके सिंह समेत सभी जिला पंचायत सदस्यों ने ली शपथ
- केशव बोले, विकास कार्यों के दम पर विस चुनाव में जीतेंगे 300 से अधिक सीटें
विस्तार
जिला पंचायत भवन सभागार में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह और सभी पंचायत सदस्यों ने शपथ ली। जिला पंचायत अध्यक्ष को जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने शपथ दिलाई। इसके बाद सभी सदस्यों को जिला पंचायत अध्यक्ष ने शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद पंचायत अध्यक्ष ने जिले में विकास के संकल्प को दोहराया। शपथ ग्रहण समारोह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी और केशरी देवी पटेल की मौजूदगी में हुआ।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने कहा कि अब विकास कार्य ही सभी सदस्यों की प्राथमिकता में होने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में योगी सरकार अपने काम के बलबूते 300 से ज्यादा सीटें हासिल करेगी। कहा कि सौ फीसदी सीटों में 60 प्रतिशत हमारी होंगी और 40 फीसदी में बंटवारा होगा। इससे पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह ने जिले की नई पंचायत को बधाई देते हुए कहा कि जनपद में विकास की गति थमेगी नहीं। सांसद केशरी देवी पटेल ने भी सदस्यों को बधाई दी।