कोहरे से निरस्त हुई 18 ट्रेनें 25 से होंगी रेगूलर
कोहरे के मद्देनजर निरस्त हुई 18 ट्रेनें 25 जनवरी से रेगूलर होने जा रही है। इन ट्रेनों को फिर से शुरू करने का निर्णय रेलवे ने लिया है। ओवर ऑल रेलवे द्वारा 25 जनवरी से कुल 68 ट्रेनें शुरू की जा रही है, लेकिन इसमें से 18 ट्रेनें ऐसी है जो इलाहाबाद होकर गुजरती हैं।
बता दें कि रेलवे ने इस बार आठ जनवरी से 29 फरवरी के मध्य संभावित कोहरे के मद्देनजर कई ट्रेनों के फेरे निरस्त कर दिये थे। इस वजह से आम मुसाफिरों को परेशानी हो रही थी। मुसाफिरों की परेशानी को देखते हुए रेलवे इन ट्रेनों को रेगूलर करने जा रहा है जिनके फेरे निरस्त किये गए थे।
इन ट्रेनों में 11093/11094 महानगरी एक्सप्रेस, 12295/12296 संघमित्रा एक्सप्रेस, 12303/12304 पूर्वा एक्सप्रेस, 12321/12322 मुंबई मेल, 12505/12506 एनई एक्सप्रेस, 12581/12582 मंडुवाडीह एक्सप्रेस, 14005/14006 लिच्छवी एक्सप्रेस, 19045/19046 ताप्तीगंगा एक्सप्रेस, 22405/ 22406 भागलपुर गरीबरथ शामिल है। वहीं दूसरी ओर कोहरे की वजह शुक्रवार को नई दिल्ली से इलाहाबाद आने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस दिन में 12 बजे के बाद इलाहाबाद पहुंची। जबकि मथुरा एक्सप्रेस दिन में दो बजे के आसपास इलाहाबाद पहुंच सकी। विलंब से आने की वजह से शाम को मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से तकरीबन दो घंटे की देरी से रात आठ बजे के आसपास रवाना हुई।