Prayagraj : देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट की प्रयागराज से होगी सीधी रेल कनेक्टिविटी, शुरू हुआ सर्वे
यह एयरपोर्ट उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) से गुजरने वाले दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर खुर्जा जंक्शन के पास चोला स्टेशन से जोड़ा जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के जेवर में बन रहे देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट से प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मथुरा, झांसी से सीधी रेल कनेक्टिविटी होगी। यह एयरपोर्ट उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) से गुजरने वाले दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर खुर्जा जंक्शन के पास चोला स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए चोला को एनसीआर के एक दूसरे दिल्ली-मुंबई रेल रूट स्थित रूंधी रेलवे स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए तकरीबन 50 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछेगी। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज ने इस रूट का सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे के बाद एनसीआर प्रशासन विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाएगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर का निर्माण पिछले कुछ वर्ष से चल रहा है। इसके निर्माण के साथ ही तय हो गया था कि एयरपोर्ट को मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनाया जाएगा। इसके तहत यहां मेट्रो, लोकल एवं अंतरराज्यीय बस स्टेशन एवं रेलवे टर्मिनल बनाया जाना है। बताया जा रहा है कि रेलवे टर्मिनल का निर्माण एयरपोर्ट परिसर में ही होगा। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज जोन को छह महीने के भीतर बुलंदशहर चोला स्टेशन को हरियाणा के रूंघी से जोड़ने के लिए 50 किमी रेलवे लिंक के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करनी है।
यह रेल लाइन दिल्ली-मुंबई रेलवे लाइन और दिल्ली-कोलकाता रेलवे लाइन को भी जोड़ेगी। इसका फायदा यह होगा कि हजरत निजामुद्दीन, फरीदाबाद से प्रयागराज, कानपुर, हावड़ा की ओर जाने वाली ट्रेनें वाया जेवर होकर चलाई जा सकेंगी। वहीं आनंद विहार, नई दिल्ली से भी मुंबई और दक्षिण भारत की कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद से चोला, जेवर होते हुए चलाया जा सकेगा।
यह रेल लिंक यमुना एक्सप्रेस-वे को भी क्राॅस करेगा। रेल लिंक का निर्माण होने के बाद इसकी सीधी कनेक्टिविटी प्रयागराज के साथ ही प्रदेश के कानपुर, झांसी, अलीगढ़, आगरा, मथुरा आदि शहरों से भी हो जाएगी। इतना ही नहीं दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन, पुरानी दिल्ली, गाजियाबाद से सबअर्बन ट्रेनें भी एयरपोर्ट के लिए सीधी चलाई जा सकेंगी।
उत्तर मध्य रेलवे के चोला स्टेशन से जेवर एयरपोर्ट होते हुए रूंधी तक नई लाइन के सर्वे के बाद डीपीआर बनाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
-हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, एनसीआर