थरवई दोहरे हत्याकांड : मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सात महीने से फरार आरोपी पर था 25 हजार रुपये का इनाम
सरगना ने पूछताछ में बताया कि घटना में व्यापारी के अलावा एक चौकीदार की हत्या हुई थी। उसने बताया कि चौकीदार की हत्या उसकी नातिन से सामूहिम दुष्कर्म का विरोध करने पर की गई थी।
विस्तार
थरवई के हेतापट्टी बाजार में दोहरे हत्याकांड व नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी केदार रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। 25 हजार के इस इनामी अपराधी की सात महीने से तलाश चल रही थी। इस पर अलग-अलग जनपदों में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी शाहजहांपुर के मिलकिया, इसापुर थाना निगोही का रहने वाला है। एसटीएफ व पुलिस ने उसे थरवई में मल्कामय भैसाही से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने परिवार व साथियों के साथ अलग-अलग स्टेशनों के किनारे डेरा लगाकर रहता है और अपने साथियों के साथ लूट, डकैती व चोरी की घटनाएं करता है।
पिछले साल घटना के समय अगस्त में वह थरवई स्टेशन के पास अपनी मां लीलावती, भाभी शांति देवी व अन्य महिलाओं बेलावती, वेदवती, गंगा देवी उर्फ झिलमिला व अन्य सदस्यों के साथ रहता था। महिलाएं बच्चों के साथ खिलौने, चाइनीज पम्प, चाइनीज टार्च आदि बेचने के बहाने घरों की रेकी करती थीं। बाद में गिरोह के पुुरुष सदस्य इन घरों में डकैती, लूट करते थे।
दुष्कर्म के विरोध पर की थी चौकीदार की हत्या
सरगना ने पूछताछ में बताया कि घटना में व्यापारी के अलावा एक चौकीदार की हत्या हुई थी। उसने बताया कि चौकीदार की हत्या उसकी नातिन से सामूहिम दुष्कर्म का विरोध करने पर की गई थी। बताया कि सात अगस्त की रात वह व उसके साथी बहादुरपुर हेतापट्टी में एक घर में डकैती डालने गए। यहां घर के बाहर सो रहे लोगों काके बंधक बनाकर लूटपाट की जा रही थी।
तभी पड़ोस में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी आ गई। उसे छत पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घटना का विरोध करने उसका नाना आया जिस पर डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। डीसीपी गंगानगर अभिषेक भारती ने बताया कि इस केस में 11 आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। इनमें पांच महिलाएं व छह पुरुष हैं।