आईआईआईटी : अनुराग के गीतों पर झूमे टेक्नोक्रेट्स, ऐश किंग ने भी मचाया धमाल
मुख्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रागिनी चंद्रशेखर ने भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रागिनी को बेहतरीन भरत नाट्यम नृत्यांगनाओं में स्थान दिया गया है। नृत्य में उन्होंने अनूठी संवेदनाओं को प्रतिबिंबित किया।
विस्तार
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) में तीन दिनी वार्षिक संस्कृति उत्सव ‘इफ्फेर्वेसेंस’ के दूसरे दिन जमकर धमाल हुआ। विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। लाफरेंज, ब्रेन ब्रॉल, ब्लाइंड डेट, क्लासिकल डांस, अनप्लग्ड, टून कॉन, रोडीज, म्यूजिक परफॉर्मेंस आदि का टेकभनोक्रेट्स ने जमकर लुत्फ उठाया। वहीं रात में गायक, संगीतकार और गीतकार अनुराग हलदर के गानों पर टेकभनोक्रेटस जमकर झूमे। देर रात ऐश किंग के नाम से महशूर गीतकार, संगीतकार आशुतोष गांगुली ने प्रस्तुति दी। इस आयोजन में ‘अमर उजाला’ मीडिया पार्टनर की भूमिका में है।
मुख्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रागिनी चंद्रशेखर ने भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रागिनी को बेहतरीन भरत नाट्यम नृत्यांगनाओं में स्थान दिया गया है। नृत्य में उन्होंने अनूठी संवेदनाओं को प्रतिबिंबित किया। कवि सूरदास द्वारा कृष्ण और सुदामा के मिलन की व्याख्या कर उपस्थित दर्शकों की वाहवाही लूटी। वह स्पिक मैके के साथ एक वरिष्ठ सूचीबद्ध कलाकार हैं। उन्होंने देशभर के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करके लोकप्रियता बटोरी है।
शाम को मुख्य मंच पर अनुराग हलदर ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी। उनके चर्चित गीत ‘लपडवा’ ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनका यह गीत यूट्यूब पर एक मिलियन से अधिक बार हिट हो चुका है। इसके अलावा ‘बेकरारी जो तेरे मेरे बीच थी पता नहीं वो कैसे गुम हो गई’ और ‘तुझसे जुदा होने के पल भी तुझसे जुदा न हो पाएंगे’ गीत सुनाया तो पूरा परिसर झूम उठा। देर रात गीतकार एवं संगीतकार ऐश किंग के नाम से मशहूर आशुतोष गांगुली के गानों पर टेकभनोक्रेटस झूमे। उन्होंने ‘ये मौसम की बारिश ये बारिश का पानी’, नजर न लग जाए जानू, थॉट ये घबराए सानू आदि गाने सुनाए।
आज दर्शन रावल मचाएंगे धमाल
उत्सव के अंतिम दिन शनिवार को संस्थान के खेल मैदान में बने मुख्य मंच पर फैशन शो और अन्य कार्यक्रमों के अलावा प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक दर्शन रावल आकर्षण का केंद्र होंगे। वह अपने गानों से टेकभनोक्रेटस को झूमने पर मजबूर करेंगे।