प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले शिक्षकों के प्रदेश व्यापी संघर्ष के पांचवें चरण में मंगलवार को जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक सामूहिक अवकाश लेकर तालाबंदी करेंगे। माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रधानाचार्य को पहले ही सामूहिक अवकाश पर रहने की सूचना दे दी है जबकि उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक ने बीएसए को सामूहिक अवकाश पर रहने की सूचना पहले ही भेज दी है। प्राथमिक शिक्षक संघ की नोटिस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों से स्कूल बंद करने की कोशिश करने और व्यवधान डालने वालों पर कारवाई करने का निर्देश दिया है।
शिक्षक महासंघ पुरानी पेंशन, नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा, प्रेरणा एप, समान कार्य समान वेतन, महिला शिक्षिकाओं को शोषण से मुक्ति, विद्यालयों में सृजित पदों के सापेक्ष नियुक्ति, व्यवसायिक और कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति तथा उन्हें पूर्णकालिक घोषित करने आदि मांगों के साथ उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग की धारा 18 के विरोध में आंदोलन कर रहा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक जिलाध्यक्ष रामप्रकाश पांडेय एवं मंत्री अनुज पांडेय ने सभी इकाईयों को मंगलवार को पूर्ण कार्य बहिष्कार कर जिला पंचायत परिसर में एकत्र होकर जिला अधिकारी कार्यालय चलने को कहा गया है। शिक्षक जिला पंचायत पर एकत्र होकर 12.30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे। शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने कहा कि 21 जनवरी का पूर्ण कार्य बहिष्कार सरकार की मनमानी के खिलाफ किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने शिक्षकों से जिला पंचायत पर एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शनी की अपील की है।