प्रयागराज : शराब पीकर घर लौटे अधेड़ की संदिग्ध हाल में मौत, परिजनों ने जहरीली शराब की जताई आशंका
करीब एक घंटे बाद नशे में धुत होकर घर पहुंचा। कुछ देर बाद ही बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा और फिर नहीं उठा। गांव होलागढ़ व नवाबगंज क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। उधर इसी सूचना मिली तो होलागढ़ पुलिस पहुंच गई।
विस्तार
सराय हरीरामपुर गांव में शराब पीकर लौटे रामकैलाश(35) की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजनों ने शराब के जहरीली होने की आशंका जताई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा प्रिजर्व किया गया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। राम कैलाश पुत्र राम बहादुर मजदूरी करता था। उसने दो शादियां की थीं। मंगलवार रात करीब नौ बजे वह घर लौटा जहां किसी बात पर उसका अपीन पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर से निकल गया।
करीब एक घंटे बाद नशे में धुत होकर घर पहुंचा। कुछ देर बाद ही बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा और फिर नहीं उठा। गांव होलागढ़ व नवाबगंज क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। उधर इसी सूचना मिली तो होलागढ़ पुलिस पहुंच गई। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में घटनास्थल नवाबगंज में होने की बात सामने आने पर स्थानीय पुलिस पहुंची। परिजनों ने शराब के जहरीली होने की आशंका भी जताई। उधर जांच पड़ताल के बाद इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने शव को मर्चरी भेजवाया। दोपहर में वीडियोग्राफी के बीच डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।
सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा प्रिजर्व कर लिया गया। हालांकि एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल यही कहते रहे कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। मामले में जिला आबकारी अधिकारी जीतेंद्र सिंह का कहना है कि जहरीली शराब से मौत के आरोप गलत हैं। आबकारी इंस्पेक्टर प्रशांत को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने बयान दिया है कि वह शराब पीने का आदी था। मंगलवार को उसने काफी ज्यादा शराब पी ली थी। गांव में किसी अन्य व्यक्ति की तबियत बिगड़ने की बात सामने नहीं आई है।