प्रयागराज : मम्मी-पापा माफ करना, लिखकर प्रतियोगी छात्र ने दी जान
कुलदीप बहरिया का रहने वाला था। उसके पिता नरेंद्र यादव डेरी संचालित करते हैं। वह गोविंदपुर स्थित पवन लॉज में रहकर एसएससी परीक्षा की तैयारी करता था। सोमवार को वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला।
विस्तार
शिवकुटी के गोविंदपुर में रहने वाले प्रतियोगी छात्र कुलदीप यादव (25) ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव लॉज के कमरे में फंदे पर लटका मिला। मौके से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस का कहना है कि उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद ठहराया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
कुलदीप बहरिया का रहने वाला था। उसके पिता नरेंद्र यादव डेरी संचालित करते हैं। वह गोविंदपुर स्थित पवन लॉज में रहकर एसएससी परीक्षा की तैयारी करता था। सोमवार को वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। चचेरे भाई ने पहुंचकर कई बार आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
जानकारी पर अन्य छात्र भी जुट गए। किसी तरह कमरे के भीतर देखने पर वह फंदे पर लटका मिला। जानकारी पर पुलिस पहुंची और फिर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर परिजन भी आ गए। वह घटना के बाबत कुछ बता नहीं सके। शिवकुटी एसओ मनीष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
‘मैं घरवालों के लिए कुछ नहीं कर सका’
मृतक के कमरे की तलाशी में एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। किताब के एक पन्ने पर यह लिखा गया था। इसमें लिखा था, ‘मेरे घरवालों ने मेरे लिए बहुत कुछ किया। पिता जी ने मेरे लिए बहुत मेहनत की। लेकिन मैं उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। घरवालों के लिए कुछ नहीं कर पाया। इसलिए यह कदम उठा रहा हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मैं खुद हूं।’
मोबाइल मैकेनिक ने फांसी लगाई
कर्नलगंज के सलोरी में रहने वाले मोबाइल मैकेनिक रामअभिलाष प्रजापति(28) ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह सलोरी के कोहराना शुक्ला मार्केट में रहता था। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि रोज की तरह रविवार रात भी खाना खाने के बाद घर के सभी लोग सोने चले गए।
कुछ देर बाद कमरे की तरफ गए तो देखा कि रामअभिलाष फंदे पर लटका हुआ है। साड़ी से बनाए फंदे पर लटककर उसने जान दी। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में घरवाले भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पाए। कर्नलगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।