{"_id":"6ae9bca40b0691ded50a326d","slug":"sleeper-vande-bharat-higher-fares-short-distances-prayagraj-is-195-km-from-kanpur-and-124-km-from-varanasi-2026-11-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्लीपर वंदे भारत : कम दूरी पर भी ज्यादा किराया, प्रयागराज से कानपुर 195 किमी और वाराणसी 124 किमी दूर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
स्लीपर वंदे भारत : कम दूरी पर भी ज्यादा किराया, प्रयागराज से कानपुर 195 किमी और वाराणसी 124 किमी दूर
Tue, 03 Nov 2026 04:21 PM IST
विनोद सिंह
राहुल शर्मा, प्रयागराज
राहुल शर्मा, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Tue, 03 Nov 2026 04:21 PM IST
सार
सोमवार से अपने नियमित सफर पर शुरू हुई वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत (27421) सुविधाओं से ज्यादा अपने किराये के समीकरण को लेकर चर्चा में हैं। रेलवे के इस नए सफर में ‘दूरी का फेर और किराये का अंधेर’ कुछ ऐसा परवान चढ़ा है कि यात्री भी असमंजस में है।
विज्ञापन
स्लीपर वंदेभारत ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
सोमवार से अपने नियमित सफर पर शुरू हुई वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत (27421) सुविधाओं से ज्यादा अपने किराये के समीकरण को लेकर चर्चा में हैं। रेलवे के इस नए सफर में ‘दूरी का फेर और किराये का अंधेर’ कुछ ऐसा परवान चढ़ा है कि यात्री भी असमंजस में है। रेलमार्ग से प्रयागराज से कानपुर 195 किमी और वाराणसी 124 किमी दूर है। बावजूद इसके स्लीपर वंदे भारत में दोनों ही शहरों के लिए जेब पर पड़ने वाला बोझ एक बराबर ही है। प्रयागराज से इन दोनों ही शहरों के लिए एसी-थ्री, एसी-टू और एसी-फर्स्ट का किराया क्रमशः 1010, 1305 और 1600 रुपये तय किया गया है।
विज्ञापन
ठीक ऐसी ही स्थिति वाराणसी से भी देखने को मिलती है। जहां से प्रयागराज और कानपुर का एसी थ्री, एसी टू और एसी फर्स्ट का किराया क्रमशः 1010, 1305 और 1600 रुपये ही है। भौगोलिक रूप से देखा जाए तो वाराणसी से कानपुर की दूरी 319 किमी है जबकि प्रयागराज 124 किमी दूर है।
विज्ञापन
चेयरकार वंदे भारत में दूरी के हिसाब से किराया
वाराणसी से कानपुर की दूरी और प्रयागराज की दूरी का यह फासला स्लीपर और चेयरकार वंदे भारत के बीच बिल्कुल जुदा तस्वीर पेश करता है। चेयरकार वंदे भारत (22435) में गणित सटीक और दूरी के हिसाब से चलता है। इस ट्रेन में वाराणसी से कानपुर का चेयर कार का किराया 895 रुपये और वाराणसी से प्रयागराज के लिए चेयर कार का किराया 560 रुपये है।
विज्ञापन
चेयरकार वंदे भारत के इन किराये में कैटरिंग (खानपान) का शुल्क भी पहले से ही समाहित होता है, जबकि स्लीपर वंदे भारत में कैटरिंग का विकल्प ही शामिल नहीं है। लोग सोशल मीडिया से लेकर प्लेटफॉर्म तक इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि रेलवे का यह किराया किस फॉर्मूले पर तय हुआ है जहां कम दूरी और ज्यादा दूरी का फासला एक समान टिकट काउंटर पर आकर खत्म हो जाता है।
स्लीपर वंदे भारत में यात्रियों के लिए न्यूनतम किराया योग्य दूरी 400 किमी निर्धारित की गई है। इसी वजह से वाराणसी से प्रयागराज एवं कानपुर का समान किराया दर्शाया जा रहा है। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, उत्तर रेलवे