प्रयागराज : सिरफिरे ने चोरी के मोबाइल से दी थी धमकी, अतीक-अशरफ की हत्या का बदला लेेने की कही थी बात
पुलिस ने बताया कि आरोपी अनीस पुत्र मो. रकीब हंडिया का रहने वाला है। 15 जून को उसने 112 नंबर पर कॉल कर धमकी दी थी। कहा था कि अतीक-अशरफ की हत्या का बदला वह सीएम से लेगा। इस कॉल की जानकारी पर पुलिस सक्रिय हुई और जांच पड़ताल में जुट गई।
विस्तार
अतीक-अशरफ की हत्या का बदला सीएम योगी आदित्यनाथ से लेने की धमकी देने वाला सिरफिरा युवक निकला। झूंसी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसने चोरी के मोबाइल से धमकी दी थी। उसे रविवार को जेल भेजा जाएगा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अनीस पुत्र मो. रकीब हंडिया का रहने वाला है। 15 जून को उसने 112 नंबर पर कॉल कर धमकी दी थी। कहा था कि अतीक-अशरफ की हत्या का बदला वह सीएम से लेगा। इस कॉल की जानकारी पर पुलिस सक्रिय हुई और जांच पड़ताल में जुट गई। तब पता चला कि जिस नंबर से कॉल की गई वह भदोही के रामरंगीले का था। पुलिस उसके घर पहुंची तो पता चला कि उसका मोबाइल हंडिया में चोरी हो गया था।
उसने हंडिया में चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। इसके बाद सर्विलांस व अन्य माध्यमों से पुलिस आरोपी अनीस तक पहुंच गई और उसे हिरासत में ले लिया। एसीपी चिराग जैन ने बताया कि आरोपी से चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ झूंसी थाने में धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में बदलता रहा बयान
सूत्रों का कहना है कि आरोपी पूछताछ में बार-बार बयान बदलता रहा। पहले उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह अपने बुआ के बेटे को फंसाना चाहता था और इसलिए उसने ऐसा किया। हालांकि जब उससे यह पूछा गया कि इस मामले से उसके बुआ के बेटे का क्या कनेक्शन है तो वह जवाब नहीं दे पाया। सूत्रों का कहना है कि झूंसी के कटका निवासी एक युवक ने मोबाइल चोरी किया था और उससे पूछताछ के बाद ही आरोपी का सुराग मिला। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने कटका निवासी एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।