MNNIT : एमएनएनआईटी के सात पुरा छात्रों को मिलेगा विशिष्ट पुरस्कार, पहली बार सम्मानित होंगे पुरा छात्र
स्क्रीनिंग और पुरस्कार समिति ने छह अलग-अलग श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा की है। पुरस्कार नवंबर में होने वाले वैश्विक पुरा छात्र सम्मेलन में दिए जाएंगे। इसमें 60 वर्ष या उससे अधिक आयु में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए डॉ. विवेक मानसिंह को चुना गया है। वह बीई मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 1978 बैच के हैं और बंगलूरू में रहते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोतीलाल नेहरु राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के पुरा छात्र संघ ने पहली बार विशिष्ट पुरा छात्र पुरस्कार की घोषणा की है। यह योजना प्रतिष्ठित पुरा छात्रों को सम्मानित करने के लिए शुरू की गई है। इसके लिए गठित स्क्रीनिंग और पुरस्कार समिति ने 26 जुलाई से कई श्रेणियों में आवेदन मांगे थे। अंतिम तिथि 31 अगस्त तक आठ श्रेणियों में 64 नामांकन आए थे।
स्क्रीनिंग और पुरस्कार समिति ने छह अलग-अलग श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा की है। पुरस्कार नवंबर में होने वाले वैश्विक पुरा छात्र सम्मेलन में दिए जाएंगे। इसमें 60 वर्ष या उससे अधिक आयु में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए डॉ. विवेक मानसिंह को चुना गया है। वह बीई मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 1978 बैच के हैं और बंगलूरू में रहते हैं।
वह टेक्नोलॉजी वेंचर कैपिटल फंड, योरनेस्ट के संस्थापक और जनरल पार्टनर हैं। इससे पहले सिस्को सिस्टम्स और कम्युनिकेशंस एंड कोलैबोरेशन ग्रुप के अध्यक्ष भी रहे। उनके पास छह अमेरिकी पेटेंट हैं। वह मूलत: फतेहपुर के रहने वाले हैं। यंग अचीवर पुरस्कार के लिए महिला श्रेणी में यूपी कैडर की आईएएस सौम्या पांडेय को चुना गया है। वह बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की 2015 बैच की छात्रा हैं।
वर्तमान में अतिरिक्त श्रम आयुक्त के पद पर तैनात हैं। यंग अचीवर पुरस्कार पुरुष श्रेणी में आईपीएस राहुल देव शर्मा को चुना गया है। वह बीटेक सिविल इंजीनियरिंग 2007 बैच के स्वर्ण पदक विजेता रहे और 2010 आईपीएस बने। वर्तमान में डीआईजी प्रशिक्षण पुलिस मुख्यालय मंगलगिरि आंध्र प्रदेश में तैनात हैं।
व्यावसायिक उत्कृष्टता निजी, कॉर्पोरेट और उद्योग क्षेत्र में 1994 बैच की बीई इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग की छात्रा सुमित चौहान चुनी गई हैं। वह यूएसए में माइक्रोसाॅफ्ट 365 में विस्तृत पोर्टफोलियो का नेतृत्व करती हैं। माइक्रोसाॅफ्ट 365 में को-पायलट और प्रमुख अनुप्रयोगों व निर्माता टूल के लिए उत्पाद, डिजाइन, इंजीनियरिंग टीमों का मार्गदर्शन करती हैं।
वह मई-2021 में फोर्ब्स पत्रिका की 30 प्रेरणादायक महिलाओं में शामिल थीं। व्यासायिक उत्कृष्टता सार्वजनिक प्रशासन क्षेत्र में मुदित चंद्रा को चुना गया है। वह बीई मैकेनिकल इंजीनियरिंग 1997 बैच के हैं और वर्तमान में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में मुख्य कार्मिक अधिकारी/प्रशासन के पद पर कार्यरत हैं।
व्यावसायिक उत्कृष्टता शैक्षणिक और अनुसंधान क्षेत्र में डॉ. भृगु नाथ सिंह को चुना गया है। मूल रूप से बलिया के रहने और बीई सिविल इंजीनियरिंग 1990 बैच के हैं। वह राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू) फुरसतगंज, अमेठी के कुलपति हैं। व्यावसायिक उत्कृष्टता उद्यमिता और नवाचार की श्रेणी में दीपक गर्ग को चुना गया है। वह 1998 बैच के बीई इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग के छात्र हैं।
वर्तमान में यूएसए में रहते हैं और कैलिफोर्निया स्थित अरबो डॉलर की बहुराष्ट्रीय कंपनी एसईडब्ल्यू डाॅट एआई के संस्थापक और सीईओ हैं। इस कंपनी के 30 से अधिक देशों में 2000 से अधिक कर्मचारी हैं। उन्होंने एमएनएनआईटी को एक करोड़ रुपये का दान भी दिया है, जो संस्थान के इतिहास में दिया गया सबसे अधिक दान है।
इसके अलावा व्यावसायिक उत्कृष्टता अल्मा मेटर व सोसायटी को सेवा और व्यावसायिक उत्कृष्टता अंतरराष्ट्रीय सेवा क्षेत्र में किसी को पुरस्कार की संस्तुति नहीं की गई है। पुरा छात्र संघ की कार्यकारी समिति ने चार अक्तूबर को हुई स्क्रीनिंग और पुरस्कार समिति की सिफारिशों के बाद परिणाम की घोषणा की है।
पुरा छात्र संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर अवनीश कुमार दुबे ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने वाले प्रतिष्ठित पुरा छात्रों को सम्मानित करने के लिए इस पुरस्कार को जारी रखा जाएगा।