शिकंजा: माफिया अतीक के 22 गुर्गों की फिर से बन रही कुंडली
- बैंक बैलेंस के साथ ही प्रॉपर्टी की हो रही पड़ताल, शासन के आदेश पर कार्रवाई
विस्तार
कोरोना संक्रमण कम होने के बाद एक बार फिर से माफिया व उनके गुर्गों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में अतीक अहमद के 22 गुर्गों की फिर से कुंडली बनाई जा रही है। उनके आपराधिक मुकदमों के साथ ही प्रॉपर्टी और बैंक बैलेंस की जानकारी भी जुटाने में पुलिस लगी है। अफसरों का कहना है कि शासन के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है।
अतीक अहमद आईएस-227 गिरोह का लीडर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह एक अंतराज्यीय गिरोह का लीडर है जिसके सदस्य बुनियादी लाभ के लिए आपराधिक वारदातें करते हैं। पूर्व में इस गिरोह के कुल 121 सदस्य चिह्नित किए गए थे। इनमें अतीक का भाई अशरफ भी शामिल था। बाद में 65 अन्य लोगों का नाम भी इस गिरोह में जोड़ा गया। पिछले साल शुरू हुए अभियान में इनमें से कई के खिलाफ कार्रवाई हुई। किसी का मकान गिराया गया तो किसी की जमीन कुर्क हुई। इनमें आबिद, तोता, फरहान, इमरान, अकबर समेत अन्य शामिल थे। कोरोना काल में कार्रवाई थम गई। अब संक्रमण कम होने के बाद कार्रवाई फिर से शुरू कर दी गई है।
पिछले दिनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में शासन की ओर से अफसरों को निर्देशित किया गया था कि माफिया व उनके गुर्गों के खिलाफ रुकी हुई कार्रवाई फिर से शुरू की जाए। इसके बाद पुलिस ने अतीक गिरोह के चिह्नित सदस्यों की पड़ताल शुरू की तो पता चला कि 22 सदस्य ऐसे हैं जिन पर पिछले कई सालों से अपराधिक केस नहीं दर्ज हुआ। लेकिन उनके ठाठ-बाट में कोई कमी नहीं आई। ऐसे में पुलिस इनकी बारे में जानकारी जुटाने में लग गई है। उनके बैंक बैलेंस के साथ ही प्रॉपर्टी के साथ ही उनकी आय के स्रोत के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में स्थानीय पुलिस के साथ ही एसओजी की टीमें भी लगाई गई हैं। अफसरों का कहना है कि जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
गैंगस्टर के मामलों में चल रही कार्रवाई
फिलहाल अतीक गिरोह के सदस्यों के खिलाफ पुलिस गैंगस्टर एक्ट के मामलों में कार्रवाई में लगी हुई है। हाल ही में उसके दो गुर्गों माजिद व अकबर की 5.5 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। इससे पहले अशरफ, तोता, आबिद समेत अन्य के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। गौरतलब है कि अतीक व उसके गुर्गों पर वर्तमान में गैंगस्टर के दो मामलों में कार्रवाई चल रही है। धूमनगंज थाने में दर्ज दोनों मामलों में से एक की विवेचना सिविल लाइंस और दूसरे की विवेचना कैंट पुलिस कर रही है। सिविल लाइंस पुलिस की ओर से विवेचनाधीन मामले में अशरफ, आबिद समेत 14 नामजद हैं जबकि कैंट में विवेचनाधीन मामले में अतीक समेत पांच लोग आरोपी बनाए गए हैं।
सफेदपोशों पर भी नजर, हो रही पड़ताल
गिरोह के सदस्यों के साथ इस बार पुलिस के निशाने पर वह सफेदपोश भी हैं, जिनका कहीं न कहीं अतीक अहमद से कोई कनेक्शन रहा है। अतीक ने इनके जरिए भी जमीनों में रुपये निवेश किए। प्रॉपर्टी डीलिंग के धंधों में ऐसे सफेदपोश अतीक की ब्लैकमनी को व्हाइट करते रहे। उधर गिरोह के चिह्नत सदस्यों में से कुछ की मौत भी हो चुकी है। हाल ही में अकबर समेत दो लोगों की मौत हुई है। अफसरों का कहना है कि ऐसे लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर भी गिरोह की सूची अद्यतन की जा रही है।