Prayagraj : सिविल लाइंस में सांसद लिखी कार पर प्रदर्शनकारियों ने बोला हमला, जमकर हुआ हंगामा
सिविल लाइंस में छात्र प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक दलों का झंडा लगी गाड़ियों को निशाना बनाया गया। स्ट्रेची रोड पर ''सांसद'' लिखी एक स्कॉर्पियो को कुछ युवक चारों ओर से घेरकर तोड़फोड़ किया।
विस्तार
सिविल लाइंस में छात्र प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक दलों का झंडा लगी गाड़ियों को निशाना बनाया गया। स्ट्रेची रोड पर ''सांसद'' लिखी एक स्कॉर्पियो को कुछ युवक चारों ओर से घेरकर तोड़फोड़ किया। वहीं, सरदार पटेल मार्ग पर भी एक फॉर्च्यूनर को रोककर उस पर बोतल फेंकने और तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। सुभाष चौराहे पर भी एक कार का पीछा कर कुछ लोगाें ने दौड़ा लिया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों ने राजनीतिक झंडा लगी गाड़ियों को देखकर उन्हें रोक लिया। स्ट्रेची रोड पर चित्रकूट नंबर की एक स्कॉर्पियो को घेरकर उस पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया और शीशे तोड़ दिए गए। गाड़ी में सांसद लिखा था। वाहन के अंदर कुछ लोग मौजूद थे, जो लगातार नुकसान न पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित निकल जाने देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन इसके बावजूद तोड़फोड़ जारी रहा। लोगों के बीच-बचाव के बाद किसी तरह से मामला शांत हुआ।
उधर, सरदार पटेल मार्ग पर एक राजनीतिक पार्टी का झंडा लगा देख फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोक लिया। बोतल फेंक गाड़ी का पिछला शीशा तोड़ दिया। हालांकि, इस घटना में वाहन को कितनी क्षति पहुंची है इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके अलावा सुभाष चौराहे पर भी राजनीतिक झंडा लगी एक अन्य गाड़ी को कुछ प्रदर्शनकारियों ने दौड़ा लिया। हालांकि, चालक समय रहते वाहन निकाल ले गया, जिससे किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
घटना के दौरान आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद थे। कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए, जबकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव का भी प्रयास किया। दूसरी तरफ घटना के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव का कहना है कि वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर या एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।
बैरिकेडिंग को साइकिल की तरह चलाया, फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़े प्रदर्शनकारी
पत्थर गिरजाघर के पास पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों अभ्यर्थी मौके पर खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़ गए। नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष भर्ती परीक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने धरना स्थल पर रखी पुलिस बैरिकेडिंग के साथ भी प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। कुछ युवाओं ने बैरिकेडिंग को साइकिल की तरह चलाने का प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह प्रतीकात्मक विरोध युवाओं के भविष्य और भर्ती प्रक्रियाओं की लगातार हो रही देरी को दर्शाने के लिए किया गया।