हादसे में घायल ग्राम प्रधान की मौत पर बवाल, लाठीचार्ज के बाद पथराव, थानाध्यक्ष सहित कई ग्रामीण चोटिल
- इफ्को पुलिस चौकी क्षेत्र के कनौजा खुर्द गांव के प्रधान थे अजय
- परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जाम से लोग हुए हलाकान, मीलों लंबी लाइन लगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कनौजा खुर्द गांव के प्रधान अजय कुमार भारतीय की एसजीपीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान मौत पर ग्रामीण भड़क गए। बृहस्पतिवार को उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए बाबूगंज बाजार में सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस प्रशासन ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन परिजन नहीं माने। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठी चलाई तो ग्रामीणों ने भी पथराव कर दिया। जिसमें सरायइनायत थाना प्रभारी को चोटें आईँ। कई ग्रामीण भी घायल हो गए। चक्का जाम के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिससे यात्रियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में पुलिस ने शव को हटवाकर रास्ता खुलवा दिया। परिजनों की मांग पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इफको पुलिस चौकी के गांव कनौजा खुर्द के अजय कुमार भारतीय (32) अभी हाल में ही हुए ग्राम प्रधान पद पर निर्वाचित हुए थे। सप्ताह भर पहले वह बहरिया इलाके में अपनी भतीजी की बर्थडे पार्टी से रात करीब 11 बजे अपनी बुलेट बाइक से वापस घर लौट रहे थे। चैमलपुर गांव के सामने पहुंचते किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उन्हें इलाज के लिए शहर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ स्थित एसपीजीआई रेफर कर दिया। वहीं उनका इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को एसजीपीजीआई में अजय ने दम तोड़ दिया। घटना से घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया है। पोस्टमार्टम के बाद प्रधान का शव गांव पहुंचा तो ग्रामीण और परिजन भड़क गए। वे हत्या का आरोप लगाने लगे।
नारेबाजी करते हुए वे बाबूगंज के यादव चौराहे पहुंचे और वहां सड़क पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी राज किशोर के अलावा क्षेत्राधिकारी फूलपुर मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और चक्का जाम समाप्त कराने की कोशिश में जुट गए। लेकिन परिजन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने और मुआवजे की मांग पर अड़े थे। कई थानों की फोर्स बुला ली गई। इसके बाद पुलिस चक्का जाम करने वालों पर लाठी चला दी। स्थिति और बिगड़ गई। ग्रामीण भी आक्रोशित हो गए।
उन्होंने पथराव कर दिया। पथराव में सराय इनायत थाना प्रभारी राकेश चौरसिया और कई ग्रामीणों को भी चोटें आईं। कुछ देर बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद सीओ राम सागर ने मौके पर एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया। फिर शव वहां से हटा लिया गया। उधर घंटों चक्का जाम होने से फूलपुर में दोनों ओर से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। गर्मी के कारण लोग बेहाल हो गए थे। सीओ फूलपुर ने बताया कि परिजनों की मांग थी कि एफआईआर की जाय। उनकी बात मान ली गई। परिजन जो भी तहरीर देंगे। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।