Amrit Snan: महाकुंभ में अमृत स्नान को लेकर रोडवेज ने कसी कमर, 25 सौ बसें आरक्षित, हर 15 मिनट में मिलेगी गाड़ी
यूपी रोडवेज ने अब वसंत पंचमी के स्नान के लिए अपनी कमर कस ली है। यूपी रोडवेज ने वसंत पंचमी के स्नान पर्व में आगंतुकों की वापसी के लिए 2500 बसें अलग से आरक्षित कर ली हैं।
विस्तार
प्रयागराज में त्रिवेणी के तट पर लगे आस्था के जन समागम में वसंत पंचमी स्नान पर्व के पहले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का जन सैलाब उमड़ रहा है। यूपी रोडवेज ने इन आगंतुकों को वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। अलग से आरक्षित बसों के अलावा कनेक्टिंग सेवा के लिए शटल बसों का बेड़ा भी तैयार है।
वसंत पंचमी में श्रद्धालुओं की घर वापसी के लिए 2500 रोडवेज बसें आरक्षित
प्रयागराज महाकुंभ में दो फरवरी की शाम तक तकरीबन 35 करोड़ ने त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगा ली। यूपी रोडवेज ने अब वसंत पंचमी के स्नान के लिए अपनी कमर कस ली है। यूपी रोडवेज ने वसंत पंचमी के स्नान पर्व में आगंतुकों की वापसी के लिए 2500 बसें अलग से आरक्षित कर ली हैं। महाकुंभ क्षेत्र से चार अस्थाई बस स्टेशन पहुंच रहे आगंतुकों के लिए हर 15 मिनट में रोडवेज बस मिलेगी। इसमें भी सबसे अधिक झूंसी में बनाए गए रोडवेज के अस्थाई बस स्टेशन में 1500 बसें, लखनऊ की जाने के लिए बेला कछार में बनाए गए बस स्टेशन में 600 बसें, कानपुर की तरफ जाने वाले आगंतुकों के लिए नेहरू पार्क बस स्टेशन में 300 और मिर्जापुर बांदा की तरफ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए लेप्रोसी अस्थाई बस स्टेशन में 100 रोडवेज बसें आरक्षित हैं।
महाकुंभ की कनेक्टिविटी के लिए हर 2 मिनट में शटल सेवा
महाकुंभ में वसंत पंचमी अमृत स्नान पर्व में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जन सैलाब महाकुंभ पहुंच रहा है। शहर के चारों तरफ बनाए गए अस्थाई बस स्टेशन में जहां रोडवेज बसों का बेड़ा तैयार है तो वहीं इन अस्थाई बस स्टेशन से महाकुंभ के नजदीक के स्थानों तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए 550 शटल बसें मौजूद हैं। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, हर 2 मिनट में शटल सेवा उपलब्ध है। बस स्टेशन में भीड़ न होने पाए इसके लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है।