UPPSC : तीन विभागों में 14 पदों पर होगी भर्ती, यूपीपीएससी ने पहली बार दी संभावित साक्षात्कार की सूचना
चिकित्सा शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा और वन एव वन्य जीव विभाग में 14 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू जनवरी के अंत में संभावित है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने अपनी वेबसाइट पर पहली बार इस प्रकार की सूचना जारी की है।
विस्तार
चिकित्सा शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा और वन एव वन्य जीव विभाग में 14 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू जनवरी के अंत में संभावित है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने अपनी वेबसाइट पर पहली बार इस प्रकार की सूचना जारी की है।
आयोग की नई वेबसाइट शुरू होने के बाद अभ्यर्थियाें की सुविधा के लिए तमाम नई व्यवस्थाएं लागू की गईं हैं। नई वेबसाइट के माध्यम से अभ्यर्थियों को अब विज्ञापन जारी होने के 15 दिन पहले इसकी सूचना दे दी जा रही है। इसी कड़ी में आयोग ने एक और व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत अभ्यर्थियों को अब संभावित साक्षात्कार की सूचना दिए जाने की व्यवस्था भी लागू कर दी गई है।
आयोग के अनुभाग अधिकारी की ओर से जारी की गई सूचना के अनुसार चिकित्सा शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर सामान्य मेडिसिन के तीन, असिस्टेंट प्रोफेसर ब्लड बैंक के दो, प्राविधिक शिक्षा विभाग में कर्मशाला अनुदेशक मशीन शाप के सात और वन एवं वन्य जीव विभाग में सांख्यिकीय अधिकारी के दो पदों भर्ती होनी है, जिनका साक्षात्कार जनवरी 2023 के अंत तक संभावित है।
प्रवक्ता स्क्रीनिंग परीक्षा में 629 अभ्यर्थी सफल
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्रवक्ता राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज स्क्रीनिंग परीक्षा-2020 का परिणाम जारी कर दिया है। कुल 12 विषयों में 629 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। सफल घोषित किए गए अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होंगे।
आयोग ने चार-चार विषयों के परिणाम तीन अलग-अलग तिथियों में जारी किए हैं। आयोग ने सबसे पहले 13 जनवरी को प्रवक्ता फार्मेसी, प्रवक्ता मटेरिया मेडिका, प्रवक्ता रिपर्टरी एवं प्रवक्ता एनाॅटमी का परिणाम जारी किया था, जिसमें 218 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इन्हें 31 जनवरी तक आयोग में अपने परंपरागत आवेदन एवं शैक्षिक अभिलेख जमा करने हैं।
वहीं, आयोग ने 18 जनवरी को प्रवक्ता फिजियोलाॅजी विषय में 23, प्रवक्ता फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सीकोलॉजी में 51, प्रवक्ता प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन में 74 एवं प्रवक्ता पैथालॉजी विषय में 30 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है, जिन्हें अपने परंपरागत आवेदन एवं शैक्षिक अभिलेख तीन फरवरी को शाम पांच बजे तक आयोग में जमा करने को कहा गया है।
बृहस्पतिवार को आयोग ने प्रवक्ता आर्गेनान ऑफ मेडिसिन में 109, प्रवक्ता सर्जरी में 19, प्रवक्ता आब्स एंड गायनाकोलॉजी में 66 एवं प्रवक्ता कम्युनिटी मेडिसिन विषय में 39 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इन अभ्यर्थियों को अपने परंपरागत आवेदन एवं शैक्षिक अभिलेख सात फरवरी को शाम पांच बजे तक जमा करने हैं।
चिकित्साधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा में आए चार गलत सवाल
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने चिकित्साधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य आयुर्वेदिक/यूनानी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2021 की अंतिम उत्तर कुंजी बृहस्पतिवार को अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी। उत्तर कुंजी के अनुसार परीक्षा में चार गलत सवाल पूछे गए थे, जिन्हें डिलीट कर दिया गया है। सामान्य अध्ययन यूनानी के ‘ए’ सिरीज के प्रश्नपत्र में सवाल संख्या 73 एवं 141 और सामान्य अध्ययन आयुर्वेद के ‘ए’ सिरीज के प्रश्नपत्र में सवाल संख्या 73 एवं 129 को डिलीट किया गया है। उत्तर कुंजी आयोग की वेबसाइट पर 28 जनवरी तक उपलब्ध रहेगी।