रणधीर यादव हत्याकांड : परिजन करते रहे इंतजार... पूर्व जिला पंचायत सदस्य का लावारिस में अंतिम संस्कार
कौड़िहार के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव (40) की हत्या के बाद पुलिस ने लावारिस में अंतिम संस्कार करा दिया। ऐसे में परिजनों को मृतक के आखिरी दर्शन भी नहीं हो सके।
विस्तार
कौड़िहार के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव (40) की हत्या के बाद पुलिस ने लावारिस में अंतिम संस्कार करा दिया। ऐसे में परिजनों को मृतक के आखिरी दर्शन भी नहीं हो सके। परिजन इसके लिए कभी पुलिस तो कभी किस्मत को कोसते रहे। उनका कहना है कि पिछले छह दिनों से रणधीर की तलाश में वे दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं और अज्ञात में अंतिम संस्कार करा दिया। मामले का खुलासा होने पर रणधीर यादव के पिता राम अभिलाष यादव ने बेटे के कपड़े व फोटो से उसकी शिनाख्त की।
परिजनों को यकीन नहीं हो रहा कि रणधीर का दोस्त रामसिंह कैसे उनकी हत्या में शामिल हो सकता है। दरअसल, रणधीर यादव से राम सिंह और उदय की गहरी दोस्ती थी। उदय गांव आने की बजाय किराए के कमरे में शांतिपुरम में रहता था। जिला पंचायत सदस्य बबली यादव ने बताया कि जब कभी राम सिंह घर आता था तो पति रणधीर उसे बात करने के लिए अलग कमरे में ले जाते थे। वे घंटों साथ रहते थे। दोनों के बीच क्या बातें होती किसी को नहीं मालूम।
मुख्य आरोपी उदय की पत्नी की संदिग्ध माैत की जांच के लिए भी टीम गठित
11 जुलाई को उदय की पत्नी अंजली की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। अब रणधीर हत्याकांड के बाद खुलासा हुआ कि अंजली की मौत जहर खाने से हुई थी लेकिन इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को नहीं दी और अंतिम संस्कार कर दिया। डीसीपी गंगापार कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि अंजली की मौत कहीं साजिश तो नहीं थी। इस केस को सुलझाने के लिए अब पुलिस ने एक टीम गठित कर दी है। जल्द ही इसे लेकर भी खुलासा किया जाएगा।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटीं टीमें
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी राम सिंह प्रतापगढ़ में स्टेनो के पद पर है जबकि उदय यादव एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन का काम करता है। वहीं आरोपी विजय और सुजीत चाय की दुकान चलाते हैं। डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मुख्य आरोपी उदय यादव उसके भाई विजय व नौकर सुजीत की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
