Railway Tatkal Ticket : सुबह पांच बजे से लगी लाइन, मात्र दो मिनट में ही तत्काल कोटे की सीटें भरीं
दिवाली मनाने के बाद वापसी करने वालों की भीड़ बुधवार से बढ़नी शुरू हो गई। कंफर्म टिकट नहीं होने से लोगों से सामने दिक्कत है। यह लोग तत्काल टिकट के लिए सुबह पांच बजे से ही लाइन में लग रहे हैं।
विस्तार
दिवाली मनाने के बाद वापसी करने वालों की भीड़ बुधवार से बढ़नी शुरू हो गई। कंफर्म टिकट नहीं होने से लोगों से सामने दिक्कत है। यह लोग तत्काल टिकट के लिए सुबह पांच बजे से ही लाइन में लग रहे हैं। बुधवार को रामबाग स्टेशन, जंक्शन पर तत्काल के लिए लोग सुबह ही पहुंच गए, लेकिन इसमें चंद लोग को ही कंफर्म टिकट हासिल हो सका। महज दो से तीन मिनट ही सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची हो गई।
रामबाग स्टेशन पहुंचे बैरहना के रवि केसरवानी ने बताया कि वह सुबह 5:30 बजे ही स्टेशन पहुंच गए। आठ बजे आरक्षण काउंटर खुलने के तकरीबन आधा घंटे पहले ही तत्काल फार्म के टोकन का वितरण किया गया। दस बजे रिजर्वेशन शुरू हुआ। जब तक नंबर आता तब तक दिल्ली जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में तत्काल कोटे की भी प्रतीक्षा सूची हो गई। इसी तरह मुंबई के लिए महानगरी एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराने के लिए पहुंचे अनिकेत श्रीवास्तव ने बताया कि वह मंगलवार सुबह भी आए थे लेकिन जब तक उनका नंबर आता तत्काल कोटे की बर्थ भर गई। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ।
वहीं, जंक्शन, प्रयाग, सूबेदारगंज और छिवकी स्टेशन पर बुधवार को खूब भीड़ उमड़ी। हालत यह हो गई है कि ट्रेनों के रुकते ही उसमें सवार होने के लिए यात्री टूट पड़ते हैं। गेट पर धक्कामुक्की होने लगती है। प्रयागराज जंक्शन से चलने वाली ट्रेनों में बुधवार को कतार लगवाकर आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को कोच में बैठाया। प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ने के लिए काफी लंबी लाइन लग गई। ट्रेन में चढ़ने को मारामारी की नौबत आ गई थी। आकस्मिक खिड़की तक से लोगों को कोच में चढ़ना पड़ा। अन्य ट्रेनों में भी यही हाल रहा।
भीड़ के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए कई त्योहार विशेष गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है लेकिन सभी में अगले कुछ दिन लंबी प्रतीक्षा सूची है। 26 अक्तूबर को इस सीजन की सर्वाधिक भीड़ ट्रेनों में उमड़ सकती है।
बस स्टेशन पर भी वापसी करने वालों की बढ़ी भीड़
ट्रेनों के साथ यूपी रोडवेज की बसाें में भी बुधवार की सुबह से ही यात्रियों की चहल पहल बढ़ गई। प्रयागराज से गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, आजमगढ़, गाजीपुर, देवरिया, बस्ती, बहराइच आदि स्थानों पर जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा रही। इस दौरान यूपी रोडवेज की ओर से बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए गए। बताया जा रहा है कि अगले तीन दिन बसों में काफी भीड़ उमड़ सकती है। उधर प्रयागराज एयरपोर्ट में आठ विमानों से 1459 यात्रियों की आवाजाही हुई।