Railway News : स्टेशनों पर बढ़ी भीड़, स्पेशल ट्रेन में बैठने को लेकर महिला यात्रियों में धक्कामुक्की-हाथापाई
महाशिवरात्रि के पहले संगमनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। प्रयागराज जंक्शन पर शनिवार सुबह प्लेटफॉर्म सात-आठ पर खड़ी एक स्पेशल ट्रेन में चढ़ने के दौरान कुछ महिलाओं में धक्कामुक्की व हाथापाई भी हुई।
विस्तार
महाशिवरात्रि के पहले संगमनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। प्रयागराज जंक्शन पर शनिवार सुबह प्लेटफॉर्म सात-आठ पर खड़ी एक स्पेशल ट्रेन में चढ़ने के दौरान कुछ महिलाओं में धक्कामुक्की व हाथापाई भी हुई। आरपीएफ की महिला विंग ने किसी तरह से उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। 201 स्पेशल और रूटीन ट्रेनें देर शाम तक ही चल चुकी थीं।
तमाम मुसाफिर ट्रेनों के शौचालय में काबिज हो गए। इमरजेंसी खिड़की से भी यात्रियों ने आरक्षित व अनारक्षित कोचों में प्रवेश किया। रेलवे अफसरों का कहना है कि भीड़ बढ़ती है तो इमरजेंसी प्लान किसी भी समय लागू किया जा सकता है। प्रयागराज जंक्शन से शनिवार शाम सात बजे तक 47 तो झूंसी से 12 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा चुकी थीं। नैनी और प्रयागराज छिवकी से भी नौ-नौ स्पेशल चलाई गईं। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने कहा कि सभी स्टेशनों से ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
महाकुंभ में अब तक चलीं ट्रेनें
- आठ स्टेशनों से 14 हजार से ज्यादा ट्रेनें चलीं
- ट्रेनों से 3.60 करोड़ श्रद्धालुओं का आवागमन
- 92 फीसदी एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, पैसेंजर एवं मेमो श्रेणी की ट्रेनें रहीं
- अब तक संगमनगरी के स्टेशनों से 472 राजधानी और 282 वंदे भारत का हो चुका है आवागमन
- कुल संचालित ट्रेनों में 50 फीसदी ट्रेनें यूपी के तमाम शहरों से प्रयागराज आईं।
- दिल्ली से 11 फीसदी, बिहार से 10 फीसदी और महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, एमपी, राजस्थान व गुजरात आदि राज्यों से 3-6 फीसदी ट्रेनें आईं।
- 3,468 विशेष ट्रेनों की शुरुआत प्रयागराज के स्टेशनों से हुईं, 2008 स्पेशल ट्रेनें कुंभ एरिया के बाहर वाले स्टेशनों से पहुंचीं।
अब तक कहां से कितनी ट्रेनों का आवागमन
- प्रयागराज जंक्शन : 5,332
- नैनी जंक्शन : 2,017
- प्रयागराज छिवकी : 1,993
- सूबेदारगंज : 4,313
- झूंसी : 1207
- प्रयागराज रामबाग : 764
- प्रयाग जंक्शन : 1326
- प्रयागराज संगम : 515
- फाफामऊ जंक्शन : 1010
नोट:-बहुत सी ट्रेनें ऐसी भी हैं, जो प्रयागराज जंक्शन के अलावा अन्य स्टेशनों पर भी ठहरती हैं।
राज्यवार महाकुंभ के लिए चलीं ट्रेनें
- यूपी : 6,436
- दिल्ली : 1,343
- बिहार : 1,197
- महाराष्ट्र : 740
- पश्चिमी बंगाल : 560
- एमपी : 400
- गुजरात : 310
- राजस्थान : 250
- असम: 180