प्रयागराज : राहुल गांधी आज आ सकते हैं प्रयागराज, कमला नेहरू ट्रस्ट की बैठक में हिस्सा लेने की उम्मीद
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार की देर रात विमान लैंडिंग की अनुमति न मिलने की वजह से प्रयागराज नहीं पहुंच सके। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से उनके विमान को उतरने की एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अनुमति नहीं दी।
विस्तार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार की देर रात विमान लैंडिंग की अनुमति न मिलने की वजह से प्रयागराज नहीं पहुंच सके। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से उनके विमान को उतरने की एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अनुमति नहीं दी। इस वजह से रात को उनके स्वागत के लिए इंतजार में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं को निराश होना पड़ा।
हालांकि कहा जा रहा है कि मंगलवार की सुबह वह कमला नेहरू ट्रस्ट की अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए विशेष विमान से बम्हरौली एयरपोर्ट आ सकते हैं। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों को सजग रहने के लिए कहा गया है। मंगलवार को राहुल गांधी के आगमन की कयासबाजी के बीच स्वराज भवन में इंतजाम किए गए हैं। कहा जा रहा है कि मंगलवार को कमला नेहरू ट्रस्ट की बैठक प्रस्तावित है। इसके लिए राहुल आ सकते हैं।
इस दौरान वह कमला नेहरू ट्रस्ट की बैठक में हिस्सा लने के बाद आनंद भवन व अस्पताल प्रबंधन से जुड़े लोगों से मुलाकात भी कर सकते हैं। इसके अलावा कुछ कैंसर के उपचार के लिए कुछ मशीनों का लोकार्पण भी कर सकते हैं। इससे पहले सोमवार की रात को राहुल गांधी केरल के वायनाड से विमान से सीधे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा वाराणसी पहुंचना था। वहां से वह सीधे सड़क मार्ग से कार द्वारा प्रयागराज आने वाले थे।
कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि राहुल गांधी के विमान को बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। इस वजह से वह दिल्ली चले गए। मंगलवार को कमला नेहरू ट्रस्ट की बैठक में हिस्सा लेने के लिए उनके सीधे प्रयागराज आने की उम्मीद जताई जा रही है। राहुल गांधी के आगमन की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस संगठन के दिग्गज देर रात स्वराज भवन के द्वार पर स्वागत के लिए पहुंच गए, लेकिन दौरा निरस्त होने की वजह से उन्हें लौटना पड़ा।