prayagraj violence : बवाल के बाद पहला जुमा आज, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात, फ्लैग मार्च
जामा मस्जिद समेत शहर की सभी बड़ी-छोटी मस्जिदों, दरगाहों में बृहस्पतिवार को इंतजामिया कमेटियों की ओर से बैठक कर शुक्रवार को आने वाले जुमे के हालात पर चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर साहब पर टिप्पणी की निंदा की गई।
विस्तार
अटाला बवाल के बाद पहले जुमा पर शुक्रवार को शहर की मस्जिदों में नमाजी भीड़ की शक्ल में प्रवेश नहीं करेंगे। मस्जिदों के प्रवेश द्वार पर भी जमावड़ा न लगाने और कम संख्या में आने के लिए कहा गया है। शुक्रवार को जुमे की नमाज शांति से अदा हो और इस दौरान शहर में फिर किसी तरह का बवाल न होने पाए, इसके लिए मस्जिदों की इंतजामिया कमेटियों की ओर से कई हिदायतें दी गई हैं। ताकि, अमन-चैन में खलल न पड़ने पाए।
जामा मस्जिद समेत शहर की सभी बड़ी-छोटी मस्जिदों, दरगाहों में बृहस्पतिवार को इंतजामिया कमेटियों की ओर से बैठक कर शुक्रवार को आने वाले जुमे के हालात पर चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर साहब पर टिप्पणी की निंदा की गई, लेकिन कहा गया कि संगम के शहर की संस्कृति को बचाने के लिए हर शख्स को जिम्मेदारी का परिचय देने की जरूरत है।
पेश इमामों और मुतवल्लियों ने हिदायत दी कि किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन की तो बात दूर कहीं भी भीड़ न लगाएं। खास बात यह रही कि मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कहा कि मस्जिदों में नमाज के बाद किसी भी दूसरे मुहल्ले का रुख न करें। अलबत्ता सीधे अपने घर जाएं। अगर कोई कारोबारी या व्यापारी है तो वह अपने दुकान या दफ्तर में जाए। इसके अलावा मस्जिदों में जुमे की नमाज के लिए भी गाइड लाइन जारी की गई।
कहा गया कि मस्जिदों में जुमे की नमाज के लिए भीड़ की शक्ल में न आएं। इसके अलावा समय की भी पाबंदी लगाई गई। साफ दिहायत दी गई है कि नमाज से 10 मिनट पहले मस्जिद आएं और नमाज के बाद एक-एक कर बाहर निकलकर अपने घर चले जाएं। चार-पांच या इससे अधिक की भीड़ में मस्जिदों से बाहर कतई न निकलें। ताकि किसी भी तरह की न तो अफवाह फैलने पाए और न शांति में किसी तरह की खलल पड़े।
खुराफातियों के चक्कर में इबादत के पाक दिन को कलंकित न करें: मौलाना जरगाम हैदर
शिया धर्मगुरु मौलाना जरगाम हैदर ने बृहस्पतिवार को मुसलमानों से जुमे के दिन शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा है कि तहजीब और आपसी भाईचारे के शहर की आबोहवा को किसी तरह के बवाल, अफवाह और उत्पात से बचाने के कौम के हर नागरिक को जिम्मेदारी का परिचय देने की जरूरत है। ताकि, प्रयागराज की संस्कृति, सद्भाव और प्रेम का माहौल खराब न होने पाए।
पिछले हफ्ते जुमे पर जो हुआ, वैसी नौबत दोबारा न आने पाए। जुमा जैसे इबादत के पाक दिन को कलंकित कतई न करें। अपनी अपनी मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद या तो अपने घर का रुख करें या कोई कारोबारी है तो वह अपने मुस्तकबिल और बच्चों के भविष्य की चिंता करते हुए अपने कारोबार पर जाएं। खुराफातियों के चक्कर में पड़ कर शहर का माहौल खराब न करें।
नमाज अदा करने के बाद कहीं रुके नहीं, सीधा घर जाएं: शहर काजी
मरकजी काजी-ए-शहर मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी ने बृहस्पतिवार को शहर की अवाम से शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अफसोस व्यक्त किया कि शहर इस वक़्त नाजुक दौर से गुजर रहा है। ऐसे वक्त में शहर का अमन बरकरार रखने के लिए हमें बहुत सब्र व जब्त से काम लेना है। लिहाजा शुक्रवार को जुमा की नमाज अपनी-अपनी मस्जिदों में इत्मिनान के साथ अदा करें और नमाज अदा करने के बाद अपने घरों को जाएं या अपने काम काज पर ध्यान दें। कहीं पर बेकार की भीड़ जमा न होने दें और न किसी अफवाह या साजिश का शिकार बनें।