Prayagraj News : एमए के छात्र को किया अगवा, पिस्टल सटाकर पीटा, चार खिलाफ मुकदमा दर्ज
आशुतोष ताराचंद छात्रावास में रहता है और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एमए मॉस कम्युनिकेशन का छात्र है। उसने बताया कि सोमवार को वह एलनगंज में चाय पीने गया था। आरोप है कि इसी दौरान एलनगंज में रहने वाला ललित दुबे व उसके तीन अन्य साथी पांच-छह अज्ञात संग आ धमका।
विस्तार
कर्नलगंज में एमए के छात्र आशुतोष शुक्ला (20) को अगवा कर लिया गया। कछार में ले जाकर अपहर्ताओं ने उसे पिस्टल सटाकर पीटा और गोली मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। आशुतोष ताराचंद छात्रावास में रहता है और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एमए मॉस कम्युनिकेशन का छात्र है। उसने बताया कि सोमवार को वह एलनगंज में चाय पीने गया था। आरोप है कि इसी दौरान एलनगंज में रहने वाला ललित दुबे व उसके तीन अन्य साथी पांच-छह अज्ञात संग आ धमका।
इसके बाद उसे पिस्टल दिखाकर पीटते हुए बाइक समेत बघाड़ा कछार में ले गए। वहां उसे जमकर पीटा और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद हमलावर भाग निकले। कछार से निकलकर उसने सूचना दी तो 112 नंबर पुलिस पहुंची। जानकारी मिलने पर एसीपी राजेश कुमार यादव, कर्नलगंज इंस्पेक्टर राममोहन राय भी आ गए। भुक्तभोगी को विवि चौकी ले जाया गया, जहां उससे घटना के बाबत पूछताछ की गई। एसीपी कर्नलगंज ने बताया कि भुक्तभोगी ने ललित दुबे समेत तीन अन्य नाम बताए हैं। इसके साथ ही बताया कि हमलावरों में छह अज्ञात भी शामिल थे। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तीन दिन पहले हुए विवाद में घटना
भुक्तभोगी ने बताया कि घटना तीन दिन पहले हुए विवाद को लेकर अंजाम दी गई। उसने बताया कि लल्ला चुंगी चौराहे के पास स्थित समोसे की दुकान पर आए दिन कुछ युवक नाश्ता करने आते थे। पैसे मांगने पर खुद को तारांचद छात्रावास का अंत:वासी बताकर धमकी देते थे। 30 दिसंबर को भी उन्होंने ऐसा ही किया, जिस पर दुकानदार ने छात्रावास में ही रहने वाले उसके सीनियर वेद शुक्ला को जानकारी दी। जिस पर वेद के साथ ही वह और उसके साथी पहुंचे। यह पूछने पर कि वह हॉस्टल को क्यों बदनाम कर रहे हैं, दबंगई दिखाने वाले युवक धमकाते हुए भाग निकले।