Prayagraj : धूमनगंज में बमबाजी के बाद मां के सामने बेटे की गोली मारकर हत्या, चार घायल
धूमनगंज थाना क्षेत्र के नीम सराय में दो गुटों के विवाद में बीच बचाव कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में दोनों गुटों से चार लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान शमशाद उर्फ अल्लू (18) के रूप में हुई है।
विस्तार
धूमनगंज थाना क्षेत्र के नीम सराय में बमबाजी के बाद बदमाशों ने मां के सामने बेटे शमशाद उर्फ अल्लू (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। मामूली विवाद पर बहनोई के भाई को आरोपियों से पिटता देख शमशाद बीच-बचाव करने गया था। तभी आरोपियों ने घेरकर बमबाजी की और फिर गोली मारकर मौके से फरार हो गए। गोली जबड़े से आर-पार हो गई। धूमनगंज थाना पुलिस ने निक्के उर्फ मोहम्मद इस्माइल, वैश, कैफ उर्फ गोलू समेत अन्य अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की है।
नीम सराय के चिकाना निवासी चुन्ने कुरैशी अपनी पत्नी सितारा बेगम, पांच बेटी, दो बेटे गुलाम और शमशाद के साथ रहते हैं। बड़ा भाई गुलाम कौशाम्बी के पूर्व सांसद विनोद सोनकर का ड्राइवर है। जबकि शमशाद मुंडेरा स्थित एक फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब 6:30 बजे शाहरूख ई-रिक्शा लेकर आ रहा था। इस गली से नुरैश नाम का युवक बाइक से जा रहा था। दोनों वाहनों में टक्कर के बाद आपस में विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों में हाथापाई हो गई।
आसपास के लोगों की बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। नुरैश मौके से चला गया। जबकि शाहरूख पास की एक दुकान पर गुट बनाकर खड़ा हो गया। परिजनों ने बताया कि रात करीब नौ बजे शमशाद के बहनोई अनीश के भाई शमीम वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने युवकों के गुट को देखा तो सभी को हटने लिए कहा और बोले कि यहां क्या कर रहे हो अपने-अपने घर जाओ।
आरोप है कि तभी शाहरूख का भाई निक्के उर्फ मोहम्मद इस्माइल समेत अन्य हमलावरों ने शमीम पर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। शोर-शराबे के बाद शमशाद जब मौके पर पहुंचा तो उसे भी आरोपियों ने बेल्ट से पीटा और करीब पांच बम फेंककर मोहल्ले में दहशत फैली दी। आरोपियों से बचकर शमशाद के एक मकान के दीवार के पीछे छिप गया। इस दौरान मां सितारा बेगम ने मामले का शांत कराने लगी तो आरोपियों ने शमशाद पर गोली चला दी।
पुलिस चौकी पहुंचा तो आरोपियों ने चलाई गोली
शमीम ने उक्त आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि चार युवकों ने मिलकर मारपीट की है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद वह ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी पहुंचे। यहां घटना की लिखित शिकायत दी। तभी पता चला कि उक्त आरोपी अपने अन्य साथियों के संग मिलकर बम चलाने लगे हैं और अवैध तमंचे से शमशाद को गोली मार दी। घटना के बाद लहूलुहान हालत में शमशाद को एसआरएन पहुंचाया, जहां शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हो गया है। इसमें हमलावर बमबाजी कर भागते हुए दिख रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर दी है। वहीं, एसीपी धूमनगंज अजेंद्र यादव ने बताया कि घटना में शाहरूख समेत अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। टीम आरोपियों की गिरफ्तारी करने में जुटी हुई है।