प्रयागराज माघ मेला : खींचतान के बीच खाक चौक बसाने को 185 बीघे भूमि आवंटित
सतुआ बाबा के आगे किसी नहीं चली, दूसरे गुट के कई संतों को पहले दिन नहीं मिली जमीन, शिविरों के क्रमांक भी बदले।
विस्तार
खींचतान के बीच शुक्रवार को संगम की रेती पर खाक चौक के संतों के शिविरों के लिए 185 बीघे भूमि का आवंटन आरंभ हो गया। मेला कार्यालय में खाक चौक के दोनों धड़े के संतों के बीच समन्वय बनाने की कोशिश की गई। इसके बाद खाक चौक बसाने के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू हुई।
सीताराम दास गुट के संतों के विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को मेला कार्यालय में दोनों धड़े के पांच-पांच सतों की मौजूदगी में आम सहमति बनाने की कोशिश की गई। तय हुआ कि समन्वय बनाकर क्रमवार तरीके से खाक चौक के खालसों को भूमि आवंटित की जाएगी। लेकिन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निकटना रखने वाले महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा के आगे किसी की नहीं चली।
संतोष दास का कहना था कि विरोध-प्रदर्शन करने वाले विरोधी गतिविधियों के कारण समिति से निष्कासित किए जा चुके हैं। कुछ लोग जो नशे का सेवन कर मेला को खराब करते रहे हैं, ऐसे लोगों को खाक चौक व्यवस्था समिति संरक्षण नहीं दे सकती। अंतत: संतोष दास सतुआ बाबा के ही नेतृत्व में 138 संतों के शिविरों के लिए पहले दिन भूमि आवंटन किया गया। सीताराम दास गुट के महामंत्री किशन दास कोल्हूराम खालसा, जगराम दास, पुत्तन दास समेत कई संतों को पहले दिन भूमि नहीं मिली।
275 शिविरों के लिए 185 बीघे भूमि का आवंटन
कई संतों के क्रमांक भी बदल दिए गए। खाक चौक के कुल 275 शिविरों के लिए 185 बीघे भूमि आवंटित होती है। शनिवार को भी भूमि आवंटन किया जाएगा। इस बीच कुछ संतों ने नाम लिए बिना भूमि आवंटन में मनमानी का आरोप लगाया। उन संतों का कहना था कि संतोष दास सतुआ बाबा ने कई संतों के शिविरों को क्रम संख्या की अनदेखी करते हुए दूर झटक दिया। जबकि अपने चहेते संतों को मुख्य मार्गों और करीब वाले क्षेत्रों में बसा रहे हैं।
आरोप है कि मेला प्रशासन भी इस मनमानी पर मूकदर्शक बना रहा। उधर, संतोष दास सतुआ बाबा ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में भूमि आवंटन कराया गया है। किसी के साथ भी न अनदेखी की गई और ना ही की जाएगी। सतुआ बाबा के मुताबिक 10 से अधिक ऐसे भी संत हैं, जिनका नाम रिकार्ड में दर्ज नहीं है, लेकिन उनके शिविर लगते रहे हैं। ऐसे संतों को भी इस बार भूमि आवंटित कर उनका नाम रिकार्ड में दर्ज करा दिया जाएगा।
संगम की रेती पर संतों ने किया भूमि पूजन
संगम की रेती पर खाक चौक बसाने के लिए सैकड़ों साधु-संतों की मौजूदगी में समिति के महामंत्री संतोष दास सतुआ बाबा ने भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मेला प्रशासन के अफसरों की मौजूदगी में भूमि पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया।
आचार्यबाड़ा को कल मिलेगी 80 बीघे जमीन
आचार्यबाड़ा बसाने के लिए भूमि आवंटन रविवार से आरंभ होगा। शनिवार को मेला प्रशासन की ओर से आचार्यबाड़ा के ले आउट का नक्शा संतों को उपलब्ध कराया जाएगा। रामानुज प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष स्वामी घनश्यामाचार्य ने बताया कि भूमि पूजन के बाद वह रविवार को भूमि आवंटन आरंभ करेंगे। आचार्यबाड़ा को 80 बीघे भूमि आवंटित होगी।