प्रयागराजः नहाने गईं दो बच्चियां गंगा में डूबीं, गोताखोरों ने करीब पांच घंटे बाद निकाला शव
परिजनों के साथ गंगा स्नान करने गईं छात्राएं अचानक गंगा के गहरे कुंड में चली गईं। जब तक लोग कुछ समझ पाते वह धारा में समा गईं। इससे घाट पर हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम के सहयोग से कई घंटे बाद नदी से शव को निकाला गया। परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना नवाबगंज मुबारकपुर पूरन कछार नरहा गांव निवासी राजू यादव की पुत्री नेहा यादव (11) और सपना यादव पुत्री समर बहादुर यादव निवासी सीताकुंड थाना नवाबगंज उम्र (13) अपने ननिहाल नरहा गांव निवासी पूर्व प्रधान गंगाराम यादव के घर पर रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही थीं। शनिवार की सुबह अपनी सहेली नितिका व चाची उर्मिला के साथ गंगा स्थान करने के लिए गईं।
स्नान करते समय अचानक गहरे कुंड में चली गईं और डूबने लगीं। इसी बीच वहा अन्य लोगों ने जब देखा तो बचाने की कोशिश की लेकिन विफल रहे। सपना व नेहा गहरे पानी में समा गईं। यह देख स्नान कर रही दोनों की सहेली नीतिका व उर्मिला रोती बिलखती गांव पहुंचीं और घटनाक्रम को बताया तो गांव में कोहराम मच गया। सूचना पाकर उपजिलाधिकारी सोरांव अनिल कुमार चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज सुरेश सिंह, एडिशनल एसपी व पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक वैंकट घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोरों की दो टीमें बुलाकर दोनों शवों की तलाश कराई।
लगभग 5 घंटे के अथक प्रयास के बाद गोताखोरों ने घटना स्थल से कुछ दूर पर नदी में डूबी छात्राओं का शव निकला। दोनों छात्राओं का शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। सपना की मां मीना देवी, छोटी बहन रेखा, भाई आकाश व नेहा की मां उर्मिला, भाई सूरत व शुभम का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। परिजनों ने किसी भी प्रकार की सरकारी सहायता लेने से इंकार करते हुए दोनों छात्राओं के शव का अंतिम संस्कार गंगा घाट पर कर दिया।