प्रयागराज : खेत में चल रही थी एमडी ड्रग फैक्टरी, मुंबई पुलिस ने किया भंडाफोड़, 139 करोड़ का एमडी बरामद
Prayagraj Drug Factory: प्रयागराज में महाराष्ट्र पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खेतों के बीच बने एक शेड में संचालित कथित ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार यहां एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी। कार्रवाई में करीब 130 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। मामले में गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
विस्तार
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रयागराज में मांडा के कोसड़ा कला में एक खेत में चल रही अवैध सिंथेटिक ड्रग (एमडी) फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। यहां से 52 किलो 932 ग्राम एमडी बरामद की गई। इसकी कीमत करीब 139 करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही मौके से करीब 260 लीटर रसायन और ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाले लैब उपकरण भी मिले।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस सिंडिकेट से जुड़े 21 आरोपियों को प्रयागराज समेत महाराष्ट्र, गुजरात और अन्य राज्यों से अबतक गिरफ्तार किया जा चुका है। इस कार्रवाई की शुरुआत 24 जून की रात नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर स्थित बाबा पार्किंग परिसर के पास हुई थी। यहां पुलिस ने अविनाश उर्फ सोनू लोकनाथ अय्यर और रविकांत ओमप्रकाश राम को 112 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। तुलिंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू हुई तो ड्रग नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं।
खेत किराए पर लेकर चल रहा था धंधा
जांच में सामने आया कि गिरोह में एमडी तैयार करने, रसायन और लैब उपकरण उपलब्ध कराने तथा ड्रग की तस्करी और बिक्री के लिए अलग-अलग लोग जुड़े थे। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मुंबई पुलिस आरोपियों रजनीश मिश्रा और शिवधन मिश्रा तक पहुंची। पूछताछ में दोनों से मिली जानकारी के आधार पर स्थानीय पुलिस की मदद से प्रयागराज के मांडा स्थित कोसड़ा कला में खेत की जमीन किराये पर लेकर टिनशेड में एमडी तैयार किए जाने का खुलासा हुआ।
इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम प्रयागराज पहुंची और टिनशेड में छापा मारा। तलाशी के दौरान 52 किलो 932 ग्राम एमडी के साथ एमएमए, एसीटोन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और क्लोरोफॉर्म समेत करीब 260 लीटर रसायन बरामद किया गया। मौके से 250 और 150 लीटर क्षमता के फ्लास्क, हीटिंग मेंटल, ड्रॉपिंग फनल, थर्मामीटर समेत कई लैब उपकरण भी मिले।
चार राज्यों में फैला नेटवर्क, 21 आरोपी गिरफ्तार
जांच में नेटवर्क के तार महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से जुड़े मिले हैं। गिरफ्तार 21 आरोपियों में ड्रग तैयार करने से लेकर रसायन और उपकरण उपलब्ध कराने तथा इसकी तस्करी और बिक्री में शामिल लोग बताए जा रहे हैं।
पढ़े-लिखे आरोपी, इंजीनियर भी शामिल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में ज्यादातर पढ़े-लिखे और ग्रेजुएट हैं। इनमें एक इंजीनियर भी शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट में किस आरोपी की क्या भूमिका थी और ड्रग तैयार करने के लिए जरूरी रसायन व उपकरण कहां से उपलब्ध कराए जा रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी पड़ताल
एमडी ड्रग के इतने बड़े नेटवर्क के सामने आने के बाद पुलिस इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि तैयार ड्रग किन राज्यों में भेजी जाती थी, इसके खरीदार कौन थे और क्या नेटवर्क के तार देश के बाहर तक जुड़े हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। मीरा-भाईंदर वसई-विरार के पुलिस कमिश्नर निकेत कौशिक ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रयागराज के मांडा में 139 करोड़ रुपये का ड्रग्स बरामद किया गया है। सिंडिकेट में शामिल 21 लोगों को चार राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। अब तक 69 किलो 759 ग्राम एमडी और 18.70 लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
महाराष्ट्र पालघर-नालासोपारा ईस्ट : अविनाश लोकनाथ अय्यर उर्फ सोनू, रविकांत ओमप्रकाश राम, मुंबई निवासी शान इरफान गजाली (कोलाबा), मोइनुद्दीन शब्बीर पटेल (अग्रिपाड़ा), अदनान रज्जाक जुनेजा (चिंचबंदर), मोहम्मद बिलाल मोहम्मद यूसुफ मल्कानी (मदनपुरा), फैजान मोहम्मद यूसुफ मल्कानी (मदनपुरा), मोहम्मद हसीब सिद्दीकी उर्फ इजाज मर्चेंट (कुर्ला पश्चिम), मोहम्मद आसिम कासम कुरैशी (नागपाड़ा), ठाणे निवासी शहनवाज दिलावर खान (कल्याण), आर्यन हारुन सैयद (कल्याण), मोइनुद्दीन उस्मान बादशाह शेख (मुंब्रा), रायगढ़ निवासी सोहेल सलीम शेख, फैजान नसरुद्दीन करणेकर, जाहिद हनीफ शेख, जलगांव निवासी रहीम ताहेर पिंजारी, सैयद मुशैद अली मुमताज अली, गुजरात कच्छ निवासी धवलपुरी शंकरपुरी गोस्वामी, जुमा तालब ठकरा और भदोही निवासी रजनीश रामचंद्र मिश्रा, शिवधन शंभूनाथ मिश्रा शामिल हैं।