प्रयागराज : आशनाई में घर से बुलाकर युवक की हत्या, नाले में मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घूरपुर निवासी राशिद (21) की घर से बुलाकर हत्या कर दी गई। चेहरे पर धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतारने के बाद हत्यारे शव को नाले में फेंककर भाग निकले। वह एक दिन पहले से गायब था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में वारदात के पीछे आशनाई की बात सामने आई है। अफसरों का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
लालापुर में बसहरा-मानपुर गांव की सीमा पर स्थित बारिया झगड़ा नाले में सोमवार सुबह युवक का शव मिला। खबर फैलती ही ग्रामीण जुट गए और फिर सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो उसकी शिनाख्त घूरपुर के जसरा गांव निवासी राशिद के रूप में हुई। जांच पड़ताल के दौरान उसके चेहरे पर धारदार हथियार से जख्म पहुंचाने का निशान मिला।
जानकारी मिली तो अफसर भी आ गए। पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह चेन्नई में रहकर काम करता था लेकिन कुछ दिनों पहले घर चला आया था। पिता के दूसरी शादी करने के बाद वह अपनी मां और सात भाइयों के साथ जसरा में रहने लगा था। रविवार शाम पांच बजे के करीब वह घर से निकला था और फिर नहीं लौटा। रातभर पूछताछ की जाती रही लेकिन उसकी कोई खबर नहीं मिली।
सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजन नाले के पास पहुंचे तो पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई है। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित का कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। परिजन किसी से रंजिश की बात से इंकार कर हैं। जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों ने अज्ञात में तहरीर दी है जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
दोस्त की ममेरी बहन से थी जान पहचान
सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में घटना की वजह आशनाई के तौर पर सामने आ रही है। दरअसल यह बात सामने आई है कि पड़ोस के ही एक युवक से मृतक की दोस्ती थी और उसकी ममेरी बहन से उसका मिलना जुलना था। दोस्त कुछ दिनों पहले तक उसके साथ ही चेन्नई में रहकर काम करता था लेकिन बाद में लौट आया था।