Prayagraj Corona Update: माह भर बाद फिर हजार के नीचे आया नए संक्रमितों का आंकड़ा
- रविवार को मिले 984 नए संक्रमित, 21 की हुई मौत
- 10006 की हुई जांच, 1604 हुए संक्रमणमुक्त
विस्तार
कोरोना संक्रमितों की संख्या में अभी बढ़ोतरी तो जारी है लेकिन रविवार को इसमें एक दिन पहले की अपेक्षा 161 की कमी आई और मरने वालों की संख्या भी 21 रही। पांच अप्रैल के बाद यह पहला मौका है जबकि 24 घंटे में नए संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार के नीचे आया है। इसके पहले पांच अप्रैल को 662 नए संक्रमित मिले थे। उसके बाद छह अप्रैल को आंकड़े में तेजी से उछाल आया और 24 घंटे में 1084 नए संक्रमित मिले। कोरोना के नोडल अफसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की।
डॉ.सहाय के मुताबिक शनिवार की अपेक्षा रविवार को जांच कराने वालों की संख्या भी कम रही। रविवार को कुल 10,006 लोगों ने जांच कराई। इसमें से 984 नए संक्रमित मिले। जबकि शनिवार को 13,339 लोगों की जांच में 1,145 नए संक्रमित मिले थे। संक्रमित आने वालों में तकरीबन बीस फीसदी लोगों को अस्पतालों में भर्ती होने की जरूरत है। लेकिन, रविवार को केवल 74 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। उनकी जगह नए मरीज भर्ती किए गए।
बाकी मरीजों को अस्पतालों में बेड की कमी होने की वजह से होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसमें से कई लोगों की हालत गंभीर है। ऐसे लोग कोविड हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर बेड दिलाने की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई चिकित्साधिकारी सुन नहीं रहा है। जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे ऐसे मरीजों को ऑक्सीजन पर रखा गया है। उधर, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, बेली, रेलवे अस्पताल सहित शहर के तमाम निजी अस्पतालों से कुल 74 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा 1530 का होम आइसोलेशन पूरा हुआ।
