Prayagraj: सीएम योगी गंगा पूजन संग माघ मेले की तैयारियों की करेंगे समीक्षा, कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 9:55 बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन प्रयागराज आएंगे। वह करीब तीन घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 9:55 बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन प्रयागराज आएंगे। वह करीब तीन घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 10:25 बजे विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के रामबाग स्थित आवास के निकट हनुमान मंदिर पहुंचेंगे। यहां के कार्यक्रम के बाद सुबह 10:50 बजे संगम नोज पहुंचकर गंगा पूजन में शामिल होंगे।
इसके बाद माघ मेला क्षेत्र का निरीक्षण और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। यहां से मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार पहुंचेंगे जहां माघ मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 12:25 बजे परेड ग्राउंड हेलिपैड से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर 12:40 बजे उदयपुर, राजस्थान के लिए प्रस्थान करेंगे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
सीएम योगी के गंगा पूजन को लेकर संगम क्षेत्र किले में तब्दील
माघ मेले की तैयारियों की समीक्षा और गंगा पूजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज पहुंचेंगे। उनके आगमन से पहले संगम नोज और पूरा मेला क्षेत्र सुरक्षा के लिहाज से हाई अलर्ट जोन में बदल दिया गया है। सीएम के गंगा पूजन के लिए लगाए गए फ्लोटिंग जेटी की क्षमता भले ही 50 लोगों की हो, लेकिन सुरक्षा मानकों को देखते हुए उनके साथ केवल 8 से 10 लोग जिनमें मंत्री, विधायकों और सुरक्षा कर्मियों की सीमित संख्या शामिल होगी, जो जेटी पर रहेंगे।
मुख्यमंत्री की जेटी के साथ आम श्रद्धालुओं और अधिकारियों के लिए 12 अतिरिक्त जेटियां भी लगाई गई हैं। जेटियों के संचालन के लिए 18 नाव चालक और सुरक्षा के लिए जल पुलिस के 25 प्रशिक्षित गोताखोरों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के दौर पर प्रयागराज में सुरक्षा के इंतजाम अभूतपूर्व स्तर पर किए गए हैं। फ्लोटिंग जेटी से गंगा पूजन के दौरान पानी, घाट और जेटियों पर सुरक्षा बलों की तीन स्तरीय तैनाती होगी।
मेला क्षेत्र को सुरक्षित, व्यवस्थित और वीआईपी मूवमेंट के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले संगम, अरैल, झूंसी क्षेत्र में व्यापक चेकिंग चल रही है। प्रत्येक प्रवेश बिंदु पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई है। सीएम के दौरे के मद्देनजर संगम व मेला क्षेत्र की सुरक्षा महाकुंभ स्तर की कर दी गई है।
मेला क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई गई, सुरक्षा बलों की हुई बड़ी तैनाती
सीएम योगी लगभग 2 घंटे 45 मिनट शहर में रहेंगे। उनके पूरे भ्रमण के दौरान बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। मेला क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई हैं। सीएम के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के लिए 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 15 सहायक पुलिस आयुक्त, 41 एसओ / इंस्पेक्टर , 235 दरोगा, 766 हेड कांस्टेबल , 89 महिला सिपाही, एक कंपनी और एक प्लाटून पीएसी लगाएं गए है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त, 40 उपनिरीक्षक और 120 सिपाही लगाएं गये हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे समय भ्रमणशील रहेंगे ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। सुरक्षा को लेकर पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने शुक्रवार की देर शाम कर आवश्यक निर्देश दिए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.