फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam

प्रयागराज : मुख्य सचिव ने परखीं मौनी अमावस्या के स्नान की तैयारियां, संगम में लगाई डुबकी

Sun, 30 Jan 2022 09:20 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Sun, 30 Jan 2022 09:20 PM IST
सार

अफसरों को उन्होंने निर्देश दिया कि जो भी कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें तत्काल पूरा कर लिया जाए। अफसरों के साथ निरीक्षण करने के बाद मुख्य सचिव ने संगम में डुबकी भी लगाई और मां गंगा का पूजन किया। उन्होंने पुरी के शंकराचार्य और स्वामी वासुदेवानंद से भी मुलाकात की।

विज्ञापन
Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : संगम स्नान के बाद गंगा पूजन करते मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र। - फोटो : प्रयागराज

विस्तार

पिछले दिनों गंगा-यमुना के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी की वजह से माघ मेले में हुई अव्यवस्था को देखते हुए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र रविवार को प्रयागराज पहुंचे। प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी के साथ उन्होंने माघ मेले के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।

विज्ञापन



अफसरों को उन्होंने निर्देश दिया कि जो भी कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें तत्काल पूरा कर लिया जाए। अफसरों के साथ निरीक्षण करने के बाद मुख्य सचिव ने संगम में डुबकी भी लगाई और मां गंगा का पूजन किया। उन्होंने पुरी के शंकराचार्य और स्वामी वासुदेवानंद से भी मुलाकात की।

विज्ञापन

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : संगम में डुबकी लगाने के बाद गंगा पूजन करते मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र। - फोटो : प्रयागराज

प्रयागराज एयरपोर्ट से सीधे मेला क्षेत्र पहुंचे
प्रमुख सचिव गृह और प्रमुख सचिव नगर विकास रजनीश दुबे के साथ प्रयागराज एयरपोर्ट से मुख्य सचिव सीधे मेला क्षेत्र पहुंचे। मंडलायुक्त संजय गोयल व अन्य अफसरों के साथ संगम वॉच टावर से उन्होंने दूरबीन से मेले का जायजा लिया। यहां एसीएम चतुर्थ डॉ. कंचन के साथ उन्होंने कुछ श्रद्धालुओं से बात की। पूछा कि उन्हें वैक्सीन लगी है या नहीं।


कुछ अन्य श्रद्धालुओं से बात करने के बाद वह वीआईपी घाट से मोटर बोट द्वारा संगम पहुंचे। वहां स्नान के बाद अफसरों ने पूजन किया। फिर लेटे हुए हनुमान जी और अक्षयवट के दर्शन किए। सभी अफसर खाकचौक व्यवस्था समिति के महामंत्री महामंडलेश्वर संतोषदास ‘सतुआ बाबा’ के शिविर में गए।


वहां सतुआ बाबा से वार्ता करने के बाद वे पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के शिविर गए। यहां शंकराचार्य ने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त बताया। इसके बाद मुख्य सचिव श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के शिविर पहुंचे। यहां पर संत से सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कल्पवासी शिविरों में जाकर सुविधाओं का जायजा लिया। - फोटो : प्रयागराज

सिंचाई विभाग के बाढ़ गेज का किया निरीक्षण
मुख्य सचिव ने अफसरों के साथ सिंचाई विभाग के बाढ़ गेज का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पूछा कि जलस्तर से अब कोई परेशानी तो नहीं होगी। अफसरों ने कहा कि अब कोई समस्या नहीं आएगी। इस दौरान आईट्रिपलसी सेंटर से शहर, मेले की व्यवस्थाओं को देखा।


यहां उन्हें बताया गया कि प्रयागराज जंक्शन से भीड़ के उतरने के बाद इसका अनुमान लगाया जा सकेगा कि मेले में कब तक श्रद्धालु पहुंचेंगे। उन्होंने घाट, चेंजिंग रूम की व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश अफसरों को दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, मेलाधिकारी अरविंद सिंह चौहान आदि अफसर मौजूद रहे।

विज्ञापन

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : पुरी शंकराचार्य निश्चलानंद का आशीर्वाद लेते मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र। - फोटो : प्रयागराज

मौनी अमावस्या पर एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
मेला क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद आई ट्रिपलसी पर मुख्य सचिव संवाददाताओं से मुखातिब हुए। यहां उन्होंने बताया कि माघ मेले के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु आ सकते हैं। मुख्य सचिव ने आश्वस्त किया कि पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।


कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रदेश में अब कोरोना संक्रमण कम हो रहा है। एक समय प्रदेश में 20 फीसदी मामले कोरोना के हो गए थे, वहीं अब चार फीसदी मामले ही बचे हैं। वैक्सीन की पहली डोज 99.5 फीसदी लोगों को लग गई है। इसी तरह दूसरी डोज 69 फीसदी लोगों को लग चुकी है। मेले में अब किसी प्रकार का संकट नहीं है। हालांकि अफसरों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की कोविड जांच होती रहेगी।

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने सफाइकर्मियों को किट बांटी। - फोटो : प्रयागराज

सफाईकर्मियों को बांटी किट
मुख्य सचिव ने मेला प्राधिकरण कार्यालय में सफाई कर्मियों को किट बांटीं। उधर संगम क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने  कोविड हेल्पडेस्क पर काम कर रहे कर्मचारी से पूछा कि कितने लोगों की रोज जांच हो रही है। मेले में बिना मास्क लगाए आने वालों के साथ कैसे व्यवहार हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिना मास्क लगाए आने वाले लोगों को जागरूक करें और उन्हें मास्क दिया जाए।


लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष से की मुलाकात
मेला क्षेत्र से निकलकर मुख्य सचिव लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत के आवास पर पहुंचे। यहां कुछ देर ठहरने के बाद वह प्रयाराज एयरपोर्ट पहुंचे और विशेष विमान से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। 

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : मौनी अमावस्या के चलते माघ मेले में सघन चेकिंग की गई। - फोटो : प्रयागराज

पांच हजार जवानों के जिम्मे सुरक्षा, स्नान पर्व से पहले सघन चेकिंग

माघ मेले के तीसरे स्नान पर्व मौनी अमावस्या के मद्देनजर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अफसरों व जवानों को मिलाकर पांच हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी तो संगम नोज समेत हर संवेदनशील प्वाइंट पर एटीएस कमांडो मुस्तैद किए जाएंगे।


उधर दो दिन पहले ही सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की सघन चेकिंग शुरू करा दी गई है। एंटी सबाटोज टीम और बीडीडीएस के साथ ही एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की टीम मेले के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं।

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : माघ मेले में उमड़ी भारी भीड़। - फोटो : प्रयागराज

एक दिन पहले ही मुस्तैद हो जाएंगे जवान
स्नान पर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए एक दिन पहले ही जवान ड्यूटी पर मुस्तैद कर दिए जाएंगे यानी सोमवार से फोर्स तैनात हो जाएगी। इसमें पुलिस के साथ ही पीएसी और एटीएस के साथ ही जल पुलिस की टीमें शामिल हैं। एसपी मेला देर रात तक खुद मेला क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा संबंधी तैयरियों का जायजा लेते रहे।


सुरक्षा में तैनात पुलिस बल में एडिशनल एसपी से लेकर सिपाही तक के पुलिसकर्मी शामिल हैं। मेला क्षेत्र स्थित रिजर्व पुलिस लाइन के मानसरोवर सभागार में शाम को पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके बाद मेला एसपी के नेतृत्व में एटीएस व अन्य टीम ने संगम नोज पहुंचकर सुरक्षा संबंधी तैयारियों को देखा।


साथ ही एक-एक प्वाइंट को चेक भी किया। मेला एसपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि सभी जवानों को उनके ड्यूटी प्वाइंट बता दिए गए हैं, साथ ही एक दिन पहले से ही उनकी ड्यूटी भी लगा दी गई है।

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : माघ मेले में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के बारे में बताते अधिकारी। - फोटो : प्रयागराज

कोविड गाइडलाइन का पालन बड़ी चुनौती
इस बार माघ मेले में कोविड गाइडलाइन का पालन कराना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसी के तहत मास्क न लगाने वालों का चालान किया जा रहा है। एसपी मेला ने बताया कि लगभग सभी पुलिसकर्मियों का कोविड टेस्ट करा लिया गया है। इसके अलावा नाव संचालकों का भी कोविड टेस्ट कराया गया। मेला क्षेत्र के16  प्रवेश द्वारों व पार्किंग स्थलों पर थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। जिनमें भी लक्षण दिखेेंगे, उन्हें आइसोलेट कराया जाएगा।

मेला क्षेत्र में तैनाती
तीन एडिशनल एसपी, आठ डिप्टी एसपी, 20 इंस्पेक्टर, 200 एसआई, 180 हेड कांस्टेबल, 1350 कांस्टेबल, 1150 होमगार्ड, 400 पीआरडी जवान, 10 कंपनी पीएसी, एसडीआरएफ, एटीएस

Prayagraj: Chief Secretary tested the preparations for the bath of Mauni Amavasya, took a dip in the Sangam
Prayagraj News : माघ मेले में रविवार को काफी भीड़ देखी गई। - फोटो : प्रयागराज

संगम क्षेत्र में तीन दिन तक वाहनों के प्रवेश पर रोक
मौनी अमावस्या के मद्देनजर मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर तीन दिनों तक रोक लगा दी गई है। इस दौरान केवल प्रशासनिक व चिकित्सीय वाहन ही जा सकेंगे। मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन प्लाट नं 17, पांटून पुल वर्कशाप, गल्ला मण्डी दारागंज, हेलीपैड, काली सड़क पर यातायात पुलिस लाइन के सामने व बगल में, ओल्ड जीटी कछार पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।


इसके अलावा संगम आने वाले श्रद्धालुओं को जीटी जवाहर से प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद काली सड़क से होते हुए काली रैंप होकर वह संगम अपर मार्ग से संगम तक जा सकेंगे। वापसी में संगम क्षेत्र से अक्षयवट मार्ग से होते हुए इंटरलॉकिंग मार्ग से जगदीश रैंप एवं त्रिवेणी मार्ग चौराहे से पार्किंग स्थल पर पहुंचेंगे। प्रवेश जीटी जवाहर और निकास हर्षवर्धन चौराहे जाने वाले मार्ग से होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed