Prayagraj : प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस एलएचबी रेक से होगी लैस, यात्रियों का सफर होगा आरामदायक
संगम रेलवे स्टेशन से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस अगले माह एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रेक से लैस हो जाएगी। एलएचबी रेक लगने के बाद प्रयागराज से चंडीगढ़ का सफर यात्रियों के लिए आरामदायक हो जाएगा।
विस्तार
संगम रेलवे स्टेशन से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस अगले माह एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रेक से लैस हो जाएगी। एलएचबी रेक लगने के बाद प्रयागराज से चंडीगढ़ का सफर यात्रियों के लिए आरामदायक हो जाएगा। खास बात यह है कि इस ट्रेन में पहली बार एसी इकोनॉमी कोच भी लगाया जा रहा है। 22 जुलाई से ऊंचाहार में चंडीगढ़ से तो 23 जुलाई से ट्रेन में प्रयागराज संगम स्टेशन से एलएचबी रेक लग जाएगा।
वर्तमान में ऊंचाहार एक्सप्रेस ट्रेन में पुराने आईसीएफ कोच लगे हुए हैं। इसमें एसी थ्री के छह, जनरल के चार, एसी टू के दो, स्लीपर के नौ, एसी फर्स्ट का एक और एसएलआर श्रेणी के दो कोच लगे हुए हैं। एलएचबी रेक लग जाने के बाद ऊंचाहार एक्सप्रेस में जनरल के चार, स्लीपर के सात, एसी टू और एसी इकोनॉमी के दो-दो, एसी थ्री के चार, एसी फर्स्ट का एक और जेनरेटर और लगेज यान का एक-एक कोच रहेगा। बता दें कि 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस की प्रयागराज संगम से रवानगी दोपहर दो बजे होती है। जो अगले दिन सुबह 9:15 बजे चंडीगढ़ पहुंच जाती है। इसी तरह 14218 चंडीगढ़ से शाम 4:45 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:05 बजे प्रयागराज संगम स्टेशन पहुंच जाती है।
158 वर्ष पुरानी नेताजी एक्सप्रेस को भी मिल रहा है एलएचबी रेक
प्रयागराज जंक्शन के रास्ते हावड़ा से कालका जाने वाली नेताजी एक्सप्रेस को भी अगले माह से एलएचबी रेक मिलने जा रहा है। हावड़ा से नेताजी एक्सप्रेस एलएचबी कोच के साथ 14 जुलाई को और कालका से नए कोच के साथ 16 जुलाई को रवाना होगी। बता दें कि नेताजी एक्सप्रेस की शुरुआत वर्ष 1866 में भाप के इंजन से हुई थी। यह ट्रेन पहले कोलकाता से दिल्ली के बीच चलती थी, बाद में इसका विस्तार कालका तक कर दिया गया। तब इसे कालका मेल कहा जाने लगा। 23 जनवरी 2021 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस ट्रेन का नाम बदलकर नेताजी एक्सप्रेस कर दिया गया। एलएचबी रेक होने के बाद पहली बार नेताजी एक्सप्रेस में एसी इकोनॉमी कोच लगने जा रहा है।
ऊंचाहार एक्सप्रेस में अगले माह एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसके अलावा नेताजी एक्सप्रेस को भी अगले माह एलएलबी रेक से लैस किया जा रहा है। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, उत्तर रेलवे