Prayagraj: प्रयागराज के प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी, कर्मचारी बाहर भागे
प्रयागराज के प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मेल करने वाले ने लिखा कि दोपहर 2.10 बजे ब्लास्ट होगा। इसकी जानकारी मिलते ही डाकघर मे अफरा-तफरी मच गई।
विस्तार
आपके पासपोर्ट व डाक परिसर वॉशरूम में साइनाइड गैस से भरे 19 बम रखे गए हैं, दोपहर 2:10 बजे फटेंगे। सभी को तुरंत बाहर निकालें और नाक व मुंह ढक लें।लखनऊ के गोमती नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में ई-मेल के माध्यम से सूचना मिलते ही प्रयागराज पुलिस अलर्ट हो गई। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे सिविल लाइंस पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड प्रधान डाकघर व पासपोर्ट कार्यालय पहुंची। एहतियातन कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकालते हुए डाकघर परिसर को तत्काल खाली कराया गया।
पूरे भवन को सील कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे तक चले तलाशी अभियान में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सीनियर पोस्टमास्टर एके त्रिपाठी ने बताया कि जानकारी होते ही एहतियात के तौर पर डायल-112 पर सूचना दी गई। डाकघर के साथ ही पासपोर्ट सुबह 7:41 बजे सौरव विश्वास के नाम से मेल आईडी से लिखा गया कि पासपोर्ट स्टाफ व पाकिस्तान के जासूस तमिलनाडु की समस्याओं को इंदौर तक लाने के लिए माफी चाहता हूं। जब किसी महिला के साथ कोई दुष्कर्म करता है तो वह मदद के लिए चीखती है।
पहले वह उन लोगों का ध्यान खींचने के लिए चीखती है जो उसकी मदद कर सकते हैं। तमिलनाडु में यही हो रहा है। मैं तमिलनाडु में तमिल महिलाओं के साथ हुए उन हजारों दुष्कर्म की बात नहीं कर रहा हूं जिनकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हुई। मैं तो मां तमिलनाडु के साथ हो रहे दुष्कर्म की बात कर रहा हूं।
तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था बहुत सीधी-सादी है। संगठनों के नाम पर विदेशी लुटेरे कुछ ट्रस्ट को भारी मात्रा में चंदा देते हैं। ये ट्रस्ट फिर तमिलनाडु में उन विदेशियों का एजेंडा आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। हम तमिल मुक्ति संगठन ने फैसला किया है कि अब हम चुनाव जैसे लोकतांत्रिक तरीकों को छोड़कर, गोलियों और बमों के जरिये मां तमिलनाडु को साफ करेंगे। आज आपके पासपोर्ट ऑफिस व डाकघर में हुआ धमाका हमारी ताकत का एक सबूत है। अगर 2026 का चुनाव जीतती है तो जीत के तोहफे के तौर पर उन्हें अपने परिवार का एक सदस्य खोना पड़ेगा।
एटीएस ने भी ई-मेल का जुटाया ब्यौरा
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम प्रधान डाकघर पहुंची। यहां पर उन्होंने सीनियर पोस्टमास्टर से ई-मेल को लेकर सारी जानकारी जुटाई। पता चला कि ई-मेल सबसे पहले लखनऊ क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय भेजा गया था। मेल आईडी के माध्यम से एटीएस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.