Prayagraj Airport : कई उड़ान बंद होने का मामला पीएमओ पहुंचा, व्यापार मंडल ने पीएम मोदी को ट्वीट कर भेजा पत्र
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय उड्डयन मंत्री को पत्र भेजे जाने के पूर्व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक सिविल लाइंस स्थित होटल यश पदम में आयोजित बैठक में महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एयरपोर्ट पर निरंतर कम हो रही फ्लाइट की संख्या पर चिंता जताई गई।
विस्तार
प्रयागराज से संचालित तमाम विमानों को बंद कर दिए जाने का मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंच गया है। यहां के व्यापारियों ने पीएम और उनके कार्यालय को सोशल मीडिया हैंडल एक्स के माध्यम से गुजारिश की है जो विमानन कंपनी इंडिगो और एलाइंस एयर ने जो विमान सेवा बंद की है उसका संचालन फिर से शुरू किया। विमान बंद होने से प्रयागराज के पर्यटन एवं यहां के कारोबार पर असर पड़ रहा है। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी पत्र भेजा है।
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय उड्डयन मंत्री को पत्र भेजे जाने के पूर्व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक सिविल लाइंस स्थित होटल यश पदम में आयोजित बैठक में महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एयरपोर्ट पर निरंतर कम हो रही फ्लाइट की संख्या पर चिंता जताई गई। योगेश ने कहा कि जहां एक तरफ प्रयागराज में कुंभ की तैयारी के मद्देनजर एयरपोर्ट को बड़ा एवं आधुनिक बनाया जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ उड़ानों की संख्या कम होती जा रही है।
प्रयागराज से सिर्फ आठ शहरों के लिए है सीधी उड़ान
उन्होंने कहा कि प्रयागराज से 15 शहरों के लिए सीधी उड़ान हो गई थीं, लेकिन अब आज की तारीख में यहां से आठ शहरों के लिए ही सीधी उड़ान है। कहा कि अक्तूबर 2023 में इंडिगो ने रायपुर, इंदौर और गोरखपुर उड़ान को बंद किया तो अब 28 मार्च 24 से पुणे-प्रयागराज उड़ान भी बंद कर दी गई है। इसके पूर्व पिछले वर्ष ही एलाइंस एयर ने कोलकाता और देहरादून उड़ान बंद की थी। इन सब विमानों को पर्याप्त संख्या में यात्री भी मिल रहे थे। इसके अलावा नागपुर, पटना उड़ान भी बंद की जा चुकी है।
बैठक में बताया गया कि दिल्ली से प्रयागराज की अभी दो फ्लाइट हैं लेकिन एलाइंस एयर ने अपनी उड़ान की बुकिंग 15 अप्रैल के बाद बंद कर दी है। इस वजह से बची हुई एक उड़ान की टिकट की कीमत में बेतहाशा वृद्धि हुई है। धर्म एवं आस्था का केंद्र एवं ऐतिहासिक शहर होते हुए भी प्रयागराज से विमान सेवा बंद हो रही है। इससे टूरिज्म और व्यापार पर असर पड़ा है । बैठक में नवीन अग्रवाल, अभिषेक सुल्तानिया, संकेत अग्रवाल, पीयूष पांडे, टीटू गुप्ता, विकास वैश्य, रजनीत राजपूत, अभिषेक केशरवानी आदि मौजूद रहे।