Prayagraj Airport : हवा में अटकी कोलकाता उड़ान, नहीं मिल रहा स्लॉट, इंडिगो और अकासा का बढ़ता जा रहा है इंतजार
कोलकाता स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमानों का आवागमन अधिक है। वहां विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उतरने के लिए रनवे खाली होना आवश्यक होता है। जो समय इंडिगो ने मांगा है, उसकी मांग के अनुरूप उसे समय नहीं मिल रहा है।
विस्तार
प्रयागराज से कोलकाता के लिए शुरू होने वाली सीधी विमान सेवा हवा में अटक गई है। इसको शुरू करने के लिए विमानन कंपनी इंडिगो ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट कोलकाता से स्लॉट मांगा है। लेकिन, अब तक इस विमान सेवा को स्लॉट नहीं दिया जा सका है, जबकि डीजीसीए और प्रयागराज एयरपोर्ट प्रशासन ने अपनी हरी झंडी पहले ही दे दी है। कमोवेश यही स्थिति अकासा एयर की बंगलूरू एवं दिल्ली उड़ान की है। दो माह से इन दोनों उड़ानों को भी हरी झंडी का इंतजार है।
प्रयागराज-कोलकाता उड़ान की बात करें तो इसका संचालन इंडिगो की ओर से यहां से किया जा रहा था। लेकिन, अचानक इसको बंद कर दिया गया। इसके बाद एलाइंस एयर ने भी कोलकाता के लिए उड़ान शुरू की, लेकिन चंद दिनों बाद ही उसे यह उड़ान बंद करनी पड़ी। यह मुद्दा एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में भी उठा। मामला उड्डयन मंत्रालय भी पहुंचा।
फिलहाल, लोकसभा चुनाव के दौरान विमानन कंपनी इंडिगो ने प्रयागराज से कोलकाता के लिए एक बार फिर से विमान सेवा शुरू करने की पहल की। इसके लिए इंडिगो एयर लाइंस ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट कोलकाता से स्लॉट मांगा है। खास बात यह रही कि नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) और प्रयागराज एयरपोर्ट प्रशासन ने हरी झंडी दे दी है, लेकिन कोलकाता एयरपोर्ट ने अब तक इसके स्लॉट को अनुमति नहीं दी है।
कोलकाता स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमानों का आवागमन अधिक है। वहां विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उतरने के लिए रनवे खाली होना आवश्यक होता है। जो समय इंडिगो ने मांगा है, उसकी मांग के अनुरूप उसे समय नहीं मिल रहा है। चर्चा यह भी है कि इंडिगो की ओर से पूर्व में मांगे गए समय में थोड़ा फेरबदल किया जा सकता है, ताकि उसे स्लॉट मिल जाए।
इसी तरह प्रयागराज एयरपोर्ट से अकासा एयर की बंगलूरू एवं दिल्ली के लिए सीधी उड़ान भी बीते दो माह से हवा में ही अटकी हुई है। इसको भी डीजीसीए ने अपनी अनुमति दे दी है। लेकिन, वायुसेना के स्तर से अभी तक इसको अनुमति नहीं मिल पाई है। एयरपोर्ट प्रशासन भी लगातार प्रयास कर रहा है कि इन दोनों को अनुमति मिल जाए।
अकासा एयर की बंगलूरू एवं दिल्ली उड़ान शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। वायुसेना की अनुमति मिलते ही उड़ान शुरू हो जाएगी। वहीं, कोलकात्ता उड़ान के स्लॉट की भी मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। - राजेश कुमार, एयरपोर्ट निदेशक, प्रयागराज