प्रयागराज : कोरोना के मद्देनजर इलाहाबाद विवि और कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया स्थगित
रविवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। विवि और संघटक महाविद्यालयों में पढ़ाई पहले से ही आनलाइन चल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेजी से फैल रहे कोविड संक्रमण के मद्देनजर इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) ने स्नातक (यूजी) एवं परास्नातक (पीजी) के पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया स्थगित कर दी है। प्रवेश भवन और इविवि के सभी कार्यालय 13 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। रविवार दोपहर कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक हुए निर्णय के बाद रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला ने नोटिफिकेशन जारी किया।
कोविड के मद्देनजर इविवि में तीन जनवरी से यूजी एवं पीजी की ऑफलाइन कक्षाएं बंद कर दी गईं थीं और केवल ऑनलाइन मोड में कक्षाएं संचालित की जी रहीं थीं। बैठक में तय हुआ कि अगली सूचना तक कक्षाएं ऑनलाइन मोड में ही जारी रहेंगी। इसके अलावा 13 जनवरी तक विश्वविद्यालय के सभी कार्यालयों के लिए वर्क फ्रॉम होम का नियम लागू रहेगा। किसी को स्टेशन छोड़ने की अनुमति नहीं है। अत्यावश्यक कार्यों के लिए वित्त एवं रजिस्ट्रार कार्यालय खुलेेंगे। वहीं, मंत्रालय से आने-जाने वाले सभी ईमेल का तत्परता से जवाब देना होगा। इंजीनियरिंग विभाग का कार्य यथावत चलेगा और हाउस कीपिंग की जरूरी सेवाएं काम करेंगी।
13 जनवरी तक बंद किया गया विवि
विश्वविद्यालय परिसर और पुस्तकालय सभी छात्रों के लिए बंद रहेंगे। बैठक में हुए इस निर्णय के बाद प्रवेश भवन को भी 13 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रो. आशीष सक्सेना एवं निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी ने बताया कि प्रवेश भवन बंद होने के कारण 13 जनवरी तक प्रवेश प्रक्रिया स्थगित रहेगी। प्रवेश से संबंधित अगली सूचना परिस्थितियों के अनुसार बाद में जारी की जाएगी। पीआरओ डॉ. जया कपूर के मुताबिक कोविड के मद्देनजर 10 जनवरी को बीवोक इन सॉफ्टवेयर डवेपलमेंट, एमए राजनीति विज्ञान, एमएससी बॉटनी, एमएससी केमेस्ट्री एवं एग्रीकल्चर केमेस्ट्री और 12 जनवरी को एमबीए में प्रस्तावित प्रवेश प्रक्रिया को भी अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण स्थगित
एलएलबी, एलएलएम, एमएड, एमबीए एवं स्नातक के सभी पाठ्यक्रमों में सत्र 2021-22 के तहत दिव्यांग कोटे से प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण 11 जनवरी को डीएसडब्ल्यू कार्यालय में होना था। डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह के अनुसार कोविड के मद्देनजर मेडिकल परीक्षण अग्रिम सूचना तक स्थगित कर दिया गया है।
स्पोर्ट्स कोटा में भी प्रवेश रुका
इविवि के डायरेक्टर स्पोर्ट्स बोर्ड के अनुसार बीकॉम, बीएफए, बीएससी, बीपीए एवं बीए में स्पोर्ट्स कोटा से प्रवेश के लिए काउंसलिंग का जो कार्यक्रम निर्धारित किया गया था, उसे अग्रिम सूचना तक स्थगित किया जा रहा है।
एडीसी ने भी स्थगित किए यूजी-पीजी प्रवेश
इलाहाबाद डिग्री कॉलेज (एडीसी) के प्राचार्य डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार कोविड के मद्देनजर महाविद्यालय में जारी यूजी एवं पीजी प्रवेश की प्रक्रिया को 10 जनवरी से अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
सीएमपी में ऑनलाइन पीजी प्रवेश 12 से
- सीएमपी डिग्री कॉलेज में 10 जनवरी से पीजी में ऑफलाइन प्रवेश प्रस्तावित थे, लेकिन कोविड के कारण अब 12 जनवरी से ऑनलाइन मोड में प्रवेश लिए जाएंगे। इसके लिए पाठ्यक्रमवार कटऑफ जारी किए गए हैं, जो इस प्रकार हैं-भूगोल में 149 या अधिक अंक अनारक्षित, सभी अभ्यर्थी एसटी, मनोविज्ञान में 120 या अधिक अंक अनारक्षित, सभी अभ्यर्थी ओबीसी, एससी, एसटी और दर्शनशास्त्र, संस्कृत एवं उर्दू में परास्नातक प्रवेश परीक्षा में शामिल सभी वर्ग के अभ्यर्थी।
सीएमपी में बीए में ऑफलाइन प्रवेश आज
सीएमपी डिग्री कॉलेज में स्नातक में ऑफलाइन प्रवेश की प्रक्रिया जारी रहेगी। प्राचार्य डॉ. बृजेश कुमार के अनुसार 10 एवं 11 जनवरी को बीए में प्रवेश लिए जाएंगे। 10 जनवरी को बीए में प्रवेश के लिए ओबीसी वर्ग में 142 या अधिक अंक पाने वाले और 11 जनवरी को ईडब्ल्यूएस में 140.40 या अधिक अंक, एससी वर्ग में 122 या अधिक अंक पाने वाले एवं एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए सुबह नौ से अपराह्न 12 बजे तक कॉलेज में उपस्थित होना है।