Republic Day 2023 : प्रयागराज में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, शहीदों को किया गया नमन
जिले में गणतंत्र दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के साथ ही राजकीय और अर्धशासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया।
विस्तार
जिले में गणतंत्र दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के साथ ही राजकीय और अर्धशासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। पुलिस लाइन में, कलेक्ट्रेट, एनसीआर रेलवे, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, एजी आफिस सहित सभी दफ्तरों में ध्वजारोहण किया गया।
स्कूलों में ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों में मिठाइयां बांटी गई। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस लाइन में अयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सलामी ली। इसके पूर्व उन्होंने ध्वजारोहण करने के बाद परेड की सलामी ली।
सुंदरीकरण के साथ पुलिस लाइन का होगा विस्तार: डिप्टी सीएम
74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक प्रमुख घोषणा की। कहा कि सुंदरीकरण के साथ ही पुलिस लाइन का विस्तार किया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही प्रस्ताव मांगकर विचार किया जाएगा। भव्य परेड देख गदगद हुए डिप्टी सीएम ने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों के लिए 10 लाख रुपये के पुरस्कार की भी घोषणा की।
इससे पहले उन्होंने तिरंगा फहराकर सलामी दी व पुलिसकर्मियों व उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलार्ई। परेड के निरीक्षण के बाद एसीपी लाइन चिराग जैन के नेतृत्व में आयोजित परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। परेड में 20 टोलियां शामिल हुईं। जिनमें नागरिक पुलिस, कार्यालय, सीईआर, पीएसी, यातायात पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, सिविल डिफेंस, मोटरसाइकिल दस्ता, स्वाट, श्वान दल, रेडियो शाखा, यूपी 112, फारेंसिक टीम, जिमनास्टिक, फायर सर्विस मोटरसाइकिल दस्ता, हाई प्रेशर फायर टेंडर दस्ता, हाइड्रोलिक प्लेटफार्म व बैंड टोली शामिल रही।
प्रदर्शन के आधार पर पीएसी टाेली को प्रथम, नागरिक पुलिस टाेली को द्वितीय व महिला पुलिस टोली को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस दौरान एडीजी जोन भानू भाष्कर, पुलिस आयुक्त रमित शर्मा, आयुक्त विजय विश्वास पंत, एडिशन सीपी आकाश कुलहरि, डीएम संजय कुमार खत्री समेत पुलिस/प्रशासन के अन्य अफसरों के अलावा एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी भी उपस्थित रहे।
इन्हें सम्मानित किया गया मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मकसूदउल्लाह को शॉल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त नागरिक सुरक्षा संगठन के 19, सेंटर पीस कमेटी के 25, जिला अपराध निरोधक समिति के 20 सदस्यों तथा प्रयाग व्यापार मंडल के 31 सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा भारत गणराज्य के सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न व पदक से सम्मानित कमिश्नरेट प्रयागराज में नियुक्त सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली सत्येन्द्र प्रसाद तिवारी एवं प्रतिसार निरीक्षक प्रथम राकेश सिंह को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त गृह मंत्री भारत सरकार के अति उत्कृष्ट/उत्कृष्ट सम्मान पदक से जनपद में नियुक्त कुल 38 अधिकारी/कर्मचारीगण को सम्मानित किया। एडि. सीपी आकाश कुलहरि को डीजीपी प्रशंसा चिन्ह स्वर्ण व डीसीपी संतोष कुमार मीणा व अभिषेक कुमार अग्रवाल व सरवणन टी को डीजीपी प्रशंसा चिह्न रजत पदक के अलावा तीन अन्य अधिकारियों को सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न व पदक प्रदान किया गया।
गणतंत्र दिवस के मौके पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सतीश कुमार ने आरपीएफ परेड की सलामी ली। उन्होंने बेहतर काम करने वाले रेल कर्मियों को सम्मानित भी किया। इस दौरान उन्होंने पिछले एक वर्ष की तमाम उपलब्धियां भी गिनाईं।
व्यापार मंडल की एक शाम रही शहीदों के नाम
प्रयागराज व्यापार मंडल की ओर से एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन सिविल लाइंस में किया गया। इस अवसर पर व्यापारियों ने देश पर मर मिटने वाले शहीदों को याद करने के साथ उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीत भी पेश किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर मंडलायुक्त प्रथम पुष्पराज सिंह ने एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने शिरकत की। इस अवसर पर व्यापार मंडल के चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी, जिला प्रभारी महिला शिखा खन्ना, रोशनी अग्रवाल, राजकुमार केसरवानी , कृष्ण मोहन गुप्ता, आनंद जी टंडन, जूही श्रीवास्तव, प्रियंका पराशर आदि मौजूद रहीं।