प्रमोद तिवारी बोले : अल्पसंख्यकों से शुरू होकर अब ब्राह्मणों पर चलने लगा है बुलडोजर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कानपुर देहात की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है यूपी की योगी सरकार अल्पसंख्यकों पर बुलडोजर चलाने के बाद अब ब्राह्मणों पर बुलडोजर चलवा रही है। कानपुर देहात की घटना इसका जीता जागता उदाहरण है।
विस्तार

हम बुलडोजर की राजनीति के खिलाफ हैं। पहले बुलडोजर अल्पसंख्यकों पर चल रहा था, लेकिन अब इसकी दिशा ब्राह्मणों की तरफ हो गई है। इस मामले में अभी तक किसी के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह अघोषित तानाशाही का दौर चल रहा है। प्रमोद तिवारी बुधवार को सिविल लाइन स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अडानी के मामले में हम सिर्फ जेपीसी की मांग कर रहे हैं। नियमानुसार संसद में जिस दल की जितनी संख्या होती है, जेपीसी में उतने अधिक सदस्य उसी पार्टी के रहते हैं। जाहिर है भाजपा पूर्ण बहुमत में है तो जेपीसी में उसके सदस्य भी ज्यादा रहेंगे, तब फिर क्यों सरकार जेपीसी का गठन करने से डर रही है।
उन्होंने बीबीसी मामले में सरकार को घेरा कहा कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। इसका समय गलत है। सरकार मीडिया को अपने दबाव में लेकर अपने हिसाब से चलाना चाहती है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर का प्रतीकात्मक पुतला भी दहन किया और प्रदर्शन कर केंद्र और योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।