कसारी-मसारी, गोला चौराहा पर 48 घंटे से बिजली-पानी का संकट
- उमस भरी गर्मी में हजारों लोग परेशान, उपकेंद्र में शिकायत पर सुनवाई नहीं
- कीडगंज नई बस्ती में बदला खराब ट्रांसफार्मर, छह घंटे गुल रही बिजली
प्रयागराज। कालिंदीपुरम क्षेत्र के कसारी मसासी, गोला चौराहे पर रविवार सुबह से बिजली गुल है। हजारों लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। पेयजल का संकट भी सामने हैं। उपकेंद्र पर शिकायत सुनने को तो छोड़िए क्या खराबी यह बताने वाला कोई नहीं है। वहीं कीडगंज के नई बस्ती भार्गव पुलिस बूथ के सामने लगा खराब ट्रांसफार्मर मंगलवार को बदल दिया गया। मरम्मत कार्य के दौरान दिन में करीब घंटे बिजली कटौती रही।
कसारी मसारी निवासी लोगों के मुताबिक बिजली की आवाजाही बड़ी परेशानी है। गर्मी के मौसम में बिजली ने खूब रुलाया। स्थानीय निवासी अरुण के मुताबिक रविवार सुबह से बिजली गुल है। कहां खराबी है, कब मरम्मत होगी, इस बारे में जानकारी नहीं दी जा रही है। कसारी मसारी उपकेंद्र पर शिकायतों पर सुनवाई नहीं होती। बिल ले जाने पर भी शिकायत दर्ज नहीं की जाती। वहीं गोला चौराहे पर भी बीते 48 घंटे से बिजली गुल है। दोनों इलाकों में रहने वाले हजारों लोग परेशान हैं। वहीं कल्याणी देवी, अल्लापुर बीएचएस, अलोपीबाग, दरियाबाद, मीरापुर, शास्त्रीनगर, हर्षवर्धन नगर समेत शहर पश्चिमी के कई मोहल्लों में बिजली घंटों गुल रही। अफसरों ने बताया कि लोकल फाल्ट दुरुस्त करने के लिए शटडाउन लिया गया था।
पॉवर कारपोरेशन ने 36 घंटे में बदल दिया खराब ट्रांसफार्मर
कीडगंज नई बस्ती के भार्गव पुलिस बूथ चौराहे पर लगा ट्रांसफार्मर बदला जाना लोगों को राहत दे गया। इस दौरान करीब छह घंटे का शटडाउन लिया गया। यहां रविवार रात शार्ट सर्किट से लगी आग ने केबल जलाने के साथ ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। लोगों को बिना बिजली परेशानी न हो इल
लिए एसडीओ नितिन बरनवाल ने ट्राली ट्रांसफार्मर लगवा कर बिजली आपूर्ति बहाल कराई थी। मंगलवार को जला ट्रांसफार्मर बदला गया। क्रेन की सहायता से ट्रांसफार्मर चढ़ाकर लाइन जोड़ी गई। 36 घंटे में मरम्मत कार्य को छोड़कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का काम अन्य क्षेत्रों के अफसरों और कर्मचारियों के नसीहत हो सकता है।