तैयारियां तेज : प्रयागराज में 1500 बेटियों को आशीर्वाद देंगे पीएम नरेंद्र मोदी
परेड मैदान में पांच दिसंबर को 1500 बेटियों की शादी का होगा कार्यक्रम। पीएम के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयार किए जा रहे तीन हैलीपैड। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से आएंगी सवा दो लाख महिलाएं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच दिसंबर को प्रयागराज के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि परेड मैदान में पीएम मोदी की मौजूदगी में 1500 गरीब बेटियों की शादी होगी। उन सभी को पीएम द्वारा वहां आशीर्वाद दिया जाएगा। उधर पीएम के आगमन को लेकर परेड मैदान में तीन हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं।
परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह में काम करने वालीं महिलाओं को प्रदेश के सभी जिलों से बुलाया गया है। यहां सभी 75 जिलों से सवा दो लाख महिलाओं को बुलाने का कार्यक्रम है। इनमें वह महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले दिनों सार्वजनिक शौचालय की चाभी दी गई या जिन्होंने बैंक सखी के रूप में काम किया। प्रधानमंत्री इन महिलाओं का सम्मान भी कर सकते हैं।
यह कार्यक्रम नारी शक्ति सम्मान के तहत किया जाएगा। इस दौरान कुछ महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की कहानी भी सुनाई जाएगी। चर्चा है कि कन्या सुमंगला योजना एवं महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को लेकर परेड मैदान में पीएम द्वारा कुछ घोषणा की जा सकती है। इसी बीच मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत 1500 बेटियों की शादी भी परेड मैदान में होगी। परेड मैदान के एक हिस्से में यह आयोजन होगा। वहीं दूसरी ओर पीएम कार्यक्रम के लिए परेड के अलग-अलग हिस्सों में जगह तय की जा रही है। काली सड़क से लोक निर्माण विभाग कार्यशाला वाले क्षेत्र में वाहन पार्किंग बनाने की तैयारी है।
परेड मैदान के बड़े हिस्से में यानी लाल सड़क व त्रिवेणी मार्ग के बीच के मैदान मुख्य पंडाल लगाया जाएगा। यहां लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग दीर्घा बनाई जाएगी। वहां पर अलग-अलग श्रेणी की महिलाएं बैठेंगी। प्रतीकात्मक रूप से प्रधानमंत्री प्रदेश की कुछ महिलाओं को सम्मानित करेंगे। वहीं दूसरी ओर पीएम के कार्यक्रम की कोई आधिकारिक सूचना न होने की बात अफसर रविवार को भी कहते रहे।। हालांकि कुछ प्रशासनिक अफसरों ने परेड मैदान का निरीक्षण जरूर किया।