PM Modi In Prayagraj : ड्रोन कैमरे से शुरू हुई निगरानी, फ्लीट रिहर्सल से परखी तैयारियां
कार्यक्रम के मद्देनजर एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले की गाड़ियां पुलिस लाइन पहुंच गई थीं। इनमें पायलट व वार्निंग कार के साथ ही जैमर व्हीकल भी शामिल रहे। सोमवार दोपहर इन सभी वाहनों को परेड ग्राउंड स्थित हेलीपैड स्थल तक लाया गया। इसके अलावा पुलिस के अन्य वाहन भी शामिल रहे।
विस्तार
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए सोमवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। एसपीजी की टीम ने पीएम के काफिले की गाड़ियों के साथ ही फ्लीट रिहर्सल किया। उधर पूरे कार्यक्रम स्थल की निगरानी ड्रोन से भी शुरू कर दी गई। न सिर्फ कार्यक्रम बल्कि पार्किंग स्थलों की भी निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम के मद्देनजर एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले की गाड़ियां पुलिस लाइन पहुंच गई थीं। इनमें पायलट व वार्निंग कार के साथ ही जैमर व्हीकल भी शामिल रहे। सोमवार दोपहर इन सभी वाहनों को परेड ग्राउंड स्थित हेलीपैड स्थल तक लाया गया। इसके अलावा पुलिस के अन्य वाहन भी शामिल रहे।
दोपहर बाद इन वाहनों को सम्मिलित करते हुए एसपीजी कवर के साथ फ्लीट रिहर्सल शुरू कराई गई। फ्लीट को लाल सड़क पर स्थित हेलीपैड के पास से मंच तक ले जाया गया। हेलीपैड से मंच तक पहुंचने वाले समय को भी अंकित किया गया। इसके बाद उसी क्रम में फ्लीट को वापस हेलीपैड तक ले जाया गया।
ड्रोन कैमरे से ली गई लाइव फीड
कार्यक्रम के दौरान चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए एक दिन पहले ही ड्रोन कैमरे से भी निगरानी शुरू कर दी गई। ड्रोन के जरिए कार्यक्रम स्थल के हर कोने का जायजा लिया गया। यही नहीं पार्किंग स्थलों के ऊपर भी ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। खास बात यह है कि ड्रोन कैमरे से मिलने वाली लाइव फीड पर नजर रखने के लिए डिप्टी एसपी स्तर का अफसर तैनात किया गया है। वह लाइव फीड के जरिए मिलने वाले एरियल व्यू से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हर शख्स की गतिविधि पर नजर रखेगा और मामला संदिग्ध होने पर उच्चाधिकारियों को फौरन इससे अवगत कराएगा।
मंच पर पीएम के साथ जो भी वीआईपी मौजूद होंगे, उनकी सूची भी एसपीजी को सौंप दी गई है। पीएमओ की ओर से मंजूरी मिलने के बाद इस सूची में कोई संशोधन नहीं हो पाएगा। इसके बाद मंच ही नहीं बल्कि मंच तक पहुंचने के लिए बनाए गए रास्ते पर भी सिर्फ उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति होगी, जिनका नाम इस सूची में शामिल होगा।
आईट्रिपलसी से 24 घंटे निगरानी
अन्य सुरक्षा इंतजाम के साथ ही कार्यक्रम स्थल की इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईट्रिपलसी) से भी लगातार निगरानी शुरू कर दी गई है। इसकेलिए पुलिसकर्मियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। परेड क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से मिलने वाली लाइव फीड से पूरे कार्यक्रम स्थल पर अनवरत नजर रखी जा रही है। दोपहर बाद आला पुलिस अफसरों ने भी सेंटर पर पहुंचकर पूरे मेला क्षेत्र का जायजा लिया।