UP: फूलपुर सीट कांग्रेस को दिए जाने की चर्चा के बीच सपा उम्मीदवार ने भरा पर्चा, सिद्दीकी ने कही ये बात
नामांकन कक्ष के भीतर ज्यादा लोगों के प्रवेश करने से रोकने पर सपाइयों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसको लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि सपाइयों ने पुलिस से औकात में रहने की बात कही।
विस्तार
फूलपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। वह बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उन्होंने अपनी जीत का दावा किया। कहा कि फूलपुर उप चुनाव में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और जीत हासिल करेगा। उनके साथ हंडिया से सपा विधायक हाकिमलाल बिंद, एमएलसी मान सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सपा प्रत्याशी के नामांकन में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की
नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सपा के अमरनाथ मौर्य तथा अन्य नेताओं के साथ पुलिस की तीखी झड़प हुई। नेताओं ने पुलिस को धमकी भी दी। इससे कुछ देर के लिए परिसर में तनाव बढ़ गया था। सपा उम्मीदवार मुज्तबा सिद्दीकी के नामांकन के दौरान विधायक संदीप पटेल, अमरनाथ मौर्य समेत कई नेता कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे थे लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें नामांकन कक्ष में जाने से रोक दिया।
उनका कहना था कि प्रत्याशी के साथ अधिकतम चार लोग ही नामांकन कक्ष में जा सकते हैं। इसके बाद कई नेता कक्ष में चले गए। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें बाहर किया। इस दौरान धक्कामुकी भी हुई। इस पर लोकसभा चुनाव में सपा उम्मीदवार रहे अमरनाथ मौर्य की सुरक्षा कर्मियों से तीखी बहस होने लगी। इससे वहां कुछ देर के लिए तनाव बन गया था। हालांकि, इसे लेकर किसी भी तरह से लिखित में शिकायत नहीं की गई है।
फूलपुर सीट पर कांग्रेस ने ठोकी है दावेदारी
फूलपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए बतौर सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी ने भले ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया, लेकिन कांग्रेस ने अभी इस सीट से अपनी दावेदारी छोड़ी नहीं है। कांग्रेस किसी भी दशा में फूलपुर सीट अपने पाले में लेना चाहती है इसको लेकर सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत चल रही है। सूत्रों की मानें तो मुज्तबा सिद्दीकी ने सपा प्रत्याशी के तौर पर भले ही नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है, लेकिन अभी उनको सिंबल नहीं मिला है। सूत्रों की मानें तो बाजी कभी भी पलट सकती है और यह सीट कांग्रेस के खाते में भी जा सकती है।