Prayagraj : माफिया अतीक के साढ़ू और भांजे की 70 बीघा अवैध प्लाटिंग पर पीडीए ने चलवाया बुलडोजर
डीएफसी रेलवे लाइन के पार भीटी असदुल्लापुर गांव की करीब 25 बीघा जमीन पर खालिद जफर ने अवैध प्लाटिंग की है। पीडीए का कहना है कि ग्रामीणों से इस जमीन को अवैध तरीके से लिया गया था। उसी गांव में इमरान ने करीब 25 बीघा जमीन में प्लाटिंग की है।
विस्तार
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने माफिया अतीक के काले कारोबार के पार्टनर इमरान और खालिद जफर की अवैध प्लाटिंग पर बुधवार को बुलडोजर चलवा दिया। इमरान रिश्ते में अतीक का साढ़ू और खालिद जफर उसका भांजा है। पीडीए की टीम ने दिनभर में भीटी असदुल्लापुर गांव में 70 बीघे और देवघाट में छह बीघे की अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया। साथ ही अवैध रूप से ससुर खदेरी नदी पर बनाए जा रहे पुल को भी आंशिक रूप से ध्वस्त करा दिया गया।
डीएफसी रेलवे लाइन के पार भीटी असदुल्लापुर गांव की करीब 25 बीघा जमीन पर खालिद जफर ने अवैध प्लाटिंग की है। पीडीए का कहना है कि ग्रामीणों से इस जमीन को अवैध तरीके से लिया गया था। उसी गांव में इमरान ने करीब 25 बीघा जमीन में प्लाटिंग की है। इमरान ने डीएफसी रेलवे लाइन और देवघाट गांव के बीच सड़क की बाईं ओर 20 बीघा जमीन पर प्लाटिंग की है। प्लाट की बाउंड्री भी बना दी गई थी। पीडीए ने बाउंड्री को तोड़ दिया है।
देवघाट गांव में कविता अग्रवाल और अन्य ने करीब छह बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की थी। उसे भी ध्वस्त कर दिया गया है। प्लाटिंग करने के लिए देवघाट और दामूपुर के बीच ससुर खदेरी नदी पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से पुल का निर्माण कर दिया था। इस पुल को पीडीए ने आंशिक रूप से गिरवा दिया। एक बार पहले भी उस पुल को आंशिक रूप से गिराया गया था।
जोन- 2 के जोनल अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि अगले दो तीन दिन में पुल को पूरी तरह से गिरा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। पीडीए के उपाध्यक्ष अरविंद चौहान ने बताया कि बिना ले आउट प्लान के कोई भी व्यक्ति प्लाट न खरीदें।
पहले भी पीडीए ने की थी कार्रवाई
अतीक के करीबियों और भूमाफिया के खिलाफ पीडीए की टीम पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। झलवा, देवघाट, भीटी, बजहा, कसारी मसारी आदि गांवों के आसपास अवैध रूप से प्लाटिंग की गई थी। माफिया के करीबियों ने ग्रामीणों को डरा धमकाकर उनसे जमीन ली थी। अब उन जमीनों को मुक्त करवाया जा रहा है।