अतीक अहमद के सबसे खास शूटर आबिद को रविवार को एक बार फिर तगड़ी आर्थिक चोट पहुंची। विकास प्राधिकरण की टीम ने मरियाडीह स्थित उसके आलीशान दोमंजिला मकान को बुलडोजर चलवाकर जमींदोज करवा दिया। अफसरों का कहना है कि दबंगई के बल पर बिना नक्शा पास कराए यह निर्माण कराया गया था और इसी वजह से यह कार्रवाई की गई।
पूर्व सांसद अतीक अहमद के शूटर आबिद का एक और घर जमींदोज, दो अन्य करीबियों के भी मकान धराशायी
पीडीए की टीम सुबह 11 बजे के करीब बम्हरौली पुलिस चौकी के पास पहुंची। साथ में भारी पुलिस बल पर भी मौजूद था। इसके बाद पीडीए की टीम फोर्स लेकर जीटी रोड से करह्वीब 100 मीटर भीतर स्थित अतीक के शूटर आबिद के दो मंजिला मकान के बाहर पहुंची। आधे घंटे बाद दो बुलडोजरों से मकान के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
करीब तीन घंटे की कार्रवाई के बाद मकान पूरी तरह जमींदोज हो चुका था। पीडीए अफसरों ने बताया कि 600 वर्ग गज जमीन में हुए मकान की अनुमानित कीमत पांच से छह करोड़ रुपये है। जोनल अफसर सत शुक्ला ने बताया कि अवैध तरीके से निर्मित इस मकान के संबंध में पूर्व मेें जारी ध्वस्तीकरण आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई।
गुर्गों मुस्लिम व अकबर के फार्म हाउस पर भी चला बुलडोजर
आबिद का मकान ढहाने के बाद पीडीए की टीम बम्हरोली चौकी के पास जीटी रोड पर स्थित फार्म हाउस पर पहुंची। यह अतीक के गुर्गे चकिया निवासी मो. मुस्लिम व अकबर का था। 2500 वर्ग गज जमीन में बने इस फार्म हाउस में कुछ हिस्से में निर्माण जबकि बाकी हिस्सा खाली पड़ा था। पीडीए के तीन बुलडोजरों ने जमीन पर हुए निर्माण को ध्वस्त करा दिया। पीडीए अफसरों का कहना है कि भूमि के स्वामित्व की पृथक जांच कराई जाएगी।