प्रयागराज : माफिया अतीक के करीबियों पर पीडीए की कार्रवाई जारी, अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
अतीक अहमद के शूटर आबिद प्रधान के दामाद जैद की तरफ से धूमनगंज के विष्णापुरी में 10 बीघा जमीन पर कराई जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ पीडीए ने कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त करा दिया। जैद उस समय सुर्खियों में आया जब उसके और अतीक अहमद के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद की हत्या के बाद उसके करीबियों के खिलाफ पीडीए की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को उसके करीबी आबिद प्रधान के दामाद जैद की धूमनगंज में कराई जा रही अवैध प्लाटिंग को पीडीए ने बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में धूमनगंज पुलिस के साथ ही पीडीए के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अतीक अहमद के शूटर आबिद प्रधान के दामाद जैद की तरफ से धूमनगंज के विष्णापुरी में 10 बीघा जमीन पर कराई जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ पीडीए ने कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त करा दिया। जैद उस समय सुर्खियों में आया जब उसके और अतीक अहमद के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें किसी जमीन की खरीद फरोख्त को लेकर अतीक अहमद उसे मना कर रहा था।
माफिया अतीक अहमद पर शिकंजा कसने के बाद जैद ने अतीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इसमें उसने देवरिया जेल में बुलाकर अतीक द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से ही अतीक अहमद के साथ उसका नाम जुड़ता गया। जैद के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। जैद के साथ ही प्रयागराज विकास प्राधिकरण की तरफ से गयासुद्दीनपुर में एसटीपी से लगी हुई तीन बीघा जमीन पर उदय यादव द्वारा कराई जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ पीडीए ने कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।
इस दौरान धूमनगंज पुलिस के साथ ही जोनल अधिकारी बीपी सिंह, अवर अभियंता अशोक कुमार सिंह, सुपरवाइजर और पीडीए प्रवर्तन टीम मौजूद रही। गौरतलब है कि अतीक अहमद की हत्या के बाद से ही पीडीए उसके करीबियों की अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। पिछले महीने 13 जून को पीडीए ने अतीक के साढ़ू इमरान की तरफ से कटहुला में 20 बीघा जमीन पर कराई जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पीडीए ने ध्वस्त कराया था।